
Rajasthan RAS Transfer : राजस्थान सरकार ने शुक्रवार देर रात राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के 178 अधिकारियों के तबादले कर दिए। साथ ही पुष्कर कुमार मित्तल सहित चार अधिकारियों के 13 मई को किए गए तबादले निरस्त किए गए हैं। इनके अलावा मोहम्मद ताहिर का 15 सितंबर 2025 को किया गया तबादला भी निरस्त किया गया है। प्रदेश सरकार के नए आदेश के तहत चर्चित आरएएस अफसर डॉ. विभु कौशिक, स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के विशिष्ट सहायक (SA) होंगे। विभु कौशिक का राज्य बीमा और प्रावधान नीति विभाग में अतिरिक्त निदेशक पद से स्वास्थ्य मंत्री के विशिष्ट सहायक (SA) के पद पर तबादला किया गया है।
विभु कौशिक राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा में टॉपर्स में रह चुके हैं। विभु कौशिकअपनी प्रशासनिक दक्षता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने जयपुर जिले के आमेर क्षेत्र में उपखंड अधिकारी (SDM) के रूप में कार्य करते हुए कई जनहितकारी पहलें लागू कीं। इसके बाद वे जयपुर नगर निगम में उपायुक्त पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, प्रभावी प्रबंधन और जनता से सीधे संवाद की उनकी कार्यशैली को सराहा गया। विभिन्न जिम्मेदार पदों पर रहते हुए उन्होंने सुशासन और विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इसके साथ इस भजनलाल सरकार के इस तबादले की लिस्ट में स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, के साथ पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ओटाराम देवासी के विशिष्ट सहायक (SA) भी बदले गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के एसए बलवंत सिंह लिग्री का तबादला राजस्थान स्टेट बेवरेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक पद पर किया गया है। गजेंद्र सिंह खींवसर के नए विशिष्ट सहायक विभु कौशिक बनाए गए हैं। इससे पूर्व विभु कौशिक राज्य बीमा और प्रावधान नीति विभाग में अतिरिक्त निदेशक के पद पर तैनात थे।
राज्यपाल के उप सचिव मुकेश कुमार कलाल का तबादला राज्य मंत्री ओटाराम देवासी के विशिष्ट सहायक के पद पर किया गया है। देवासी के विशिष्ट सहायक राकेश कुमार का तबादला भूप्रबंध अधिकारी सीकर के पद पर किया गया है। पशुपालन और डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत के विशिष्ट सहायक चंदन दुबे का राज्यपाल के उप सचिव के पद पर तबादला किया है। मंत्री जोराराम कुमावत के नए विशिष्ट सहायक कौन है इसकी अभी कोई अधिकारी जानकारी नहीं है।