जयपुर

Patrika Expose: राजस्थान में राशन वितरण के 63 करोड़ के प्रोजेक्ट में बड़ी गड़बड़ी, 6780 मशीनों का नहीं मिला हिसाब; होगी FIR

Rajasthan Ration Scam: राजस्थान में राशन दुकानों के 63 करोड़ के प्रोजेक्ट में बड़ी गड़बड़ी उजागर हुई है। 6780 आइरिस स्कैनर का सरकारी रिकॉर्ड में हिसाब नहीं मिला, जबकि कंपनियों को 20 करोड़ से ज्यादा का अनियमित भुगतान हुआ।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 8:27 AM IST
Rajasthan Ration Project Scam
Rajasthan Ration Project Scam (Photo-AI)

Rajasthan Ration Project Scam: जयपुर: राशन दुकानों पर वितरण में पारदर्शिता लाने और जनता को पूरा राशन दिलाने के लिए शुरू किए गए इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और आइरिस स्कैनर लगाने के प्रोजेक्ट में गड़बड़ी सामने आई है। 63 करोड़ रुपए के ठेके में कंपनियों के चयन से लेकर मशीनें लगाने और भुगतान तक बड़ी वित्तीय अनियमितताएं सामने आई हैं।

6780 आइरिस स्कैनर का इंस्टॉलेशन और इनका पीओएस से जुड़ना कंपनियों के पोर्टल पर तो दिखाया गया, लेकिन सरकारी आधार ऑथेंटिकेशन एमआईएस में उनका हिसाब ही नहीं मिला। यही नहीं, मशीनों को पीओएस से जोड़ने से पहले ही कंपनियों को 18.84 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया गया। साथ ही 1.54 करोड़ रुपए रखरखाव के नाम पर भी जारी कर दिए गए।

बालाजी इन्फोल्यूब ने एसआरआईटी इंडिया के साथ और कॉम्पेक्ट कम्प्यूटर एंड पेरिफेरल्स ने कॉफोर्ज के साथ मिलकर निविदा में हिस्सा लिया था। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की जांच रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। कंपनियों के पोर्टल पर 24 अप्रैल 2026 तक 26,863 आइरिस मशीनें डिलीवर, इंस्टॉल और पीओएस से जुड़ी हुई दिखाई गईं। जांच में पता चला कि ऑथेंटिकेशन एमआईएस में 20,083 मशीनें दर्ज थीं। इस तरह 6780 मशीनों का अंतर सामने आया। जांच समिति ने फर्जी आपूर्ति की आशंका जताई और इसे अनियमितता माना है।

जांच रिपोर्ट में मिलीं ये गड़बड़ियां

मशीनों में नियमों की अनदेखी

वजन मशीनों की आपूर्ति और मरम्मत के लिए जरूरी लाइसेंस नहीं होने, विधिक माप विज्ञान के नियमों का उल्लंघन और सत्यापन सील बिना अनुमति तोड़ने जैसी गड़बड़ियां भी सामने आईं। जांच में पाया गया कि मशीनों का कैलिब्रेशन (सही वजन सुनिश्चित करने की प्रक्रिया) भी नहीं कराया गया।

ठेका मशीनों का, शर्तें सॉफ्टवेयर व कॉल सेंटर के अनुभव की

करीब 63 करोड़ रुपए के ठेके में भाग लेने के लिए 420 करोड़ रुपए सालाना टर्नओवर की शर्त रखी गई, लेकिन मशीनों के क्षेत्र में अनुभव जरूरी नहीं रखा गया। इसके बजाय सॉफ्टवेयर, आईटी प्रोजेक्ट, पीओएस मशीन और कॉल सेंटर का अनुभव मांगा गया। जांच समिति ने इन शर्तों पर सवाल उठाते हुए आशंका जताई कि निविदा इस तरह तैयार की गई, जिससे कुछ कंपनियों को फायदा हो।

पहले किया भुगतान

अनुबंध के मुताबिक, 30 प्रतिशत भुगतान तभी होना था, जब उपकरण राशन दुकानों पर पीओएस मशीनों से जुड़ जाएं और उनका काम संतोषजनक मिले। जांच में पाया गया कि मशीनों का पीओएस से एकीकरण फरवरी 2026 में हुआ, जबकि कंपनियां इससे पहले ही 18 करोड़ 84 लाख 8 हजार 259 रुपए प्राप्त कर चुकी थीं।

रखरखाव का पैसा भी बिना रिपोर्ट दे दिया

अनुबंध में बाकी 10 प्रतिशत राशि जरूरी दस्तावेज देने पर तीन साल तक 12 किस्तों में देने की शर्त है। जांच में पाया गया कि जरूरी रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुईं, फिर भी भुगतान मंजूर कर दिया गया। एक करोड़ 54 लाख 49 हजार 400 रुपए रखरखाव के नाम पर जारी कर दिए गए।

पांच प्रतिशत गारंटी लेनी थी, ली सिर्फ एक प्रतिशत

अनुबंधित कंपनियों से अनुबंध राशि की 5 प्रतिशत परफॉर्मेंस सिक्योरिटी (बैंक गारंटी) ली जानी थी। लेकिन कंपनियों को एमएसएमई के नाम पर छूट देकर केवल एक प्रतिशत गारंटी ली गई। जांच समिति के अनुसार, कंसोर्टियम के पार्टनर इस छूट के पात्र नहीं थे। ऐसे में कंपनियों को नियमों के विपरीत राहत देने के मामले में भी सवाल उठाए गए हैं।

दोषियों के खिलाफ एफआईआर होगी

जांच में सामने आया कि कंपनियों ने निर्धारित शर्तें पूरी नहीं कीं। इसके बावजूद बिना सत्यापन के भुगतान कर दिया गया। दोषी अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित कंपनी के सॉफ्टवेयर में भी गड़बड़ी सामने आई थी। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

-सुमित गोदारा, खाद्य मंत्री

Updated on:
27 Nov 2026, 8:27 AM IST
Published on: