
जयपुर। आज अजमेर में पीएम की सभा में हड़ताली रोडवेजकर्मियों के संभावित विरोध को देखते हुए सरकार अब सख्ती पर उतर आई है। बीती रात से जयपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में रोडवेज के हड़ताली कर्मचारी नेताओं को पुलिस ने हिरासत कर लिया वहीं गिरफ्तारी के चलते कई नेता भूमिगत हो चुके हैं। आज अजमेर स्थित रोडवेज बस स्टैंड पर रोडवेज कर्मचारियों की बैठक को लेकर पूरे बस स्टैंड को प्रशासन ने पुलिस छावनी बना दिया है। दूसरी तरफ प्रदेश में आज लोक परिवहन सेवा और प्राइवेट बसें उपलब्ध नहीं होने से प्रदेशवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
गौरतलब है कि आज 20वें दिन भी रोडवेज बसों का चक्काजाम जारी रहा है और अजमेर में हो रही पीएम नरेंद्र मोदी की जनसभा में विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी रोडवेज के कर्मचारी संगठनों ने सरकार को दी है। ऐसे में एहतियातन प्रशासन ने अजमेर जाने वाले मार्गों पर चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी है।
वहीं बीती रात से राजधानी में रोडवेज कर्मचारी संगठनों के कई बड़े नेताओं को देररात हिरासत भी किया गया है। कर्मचारी नेता धर्मवीर चौधरी, देवकरण चौधरी व हरगोविंद शर्मा समेत कई कर्मचारी नेताओं को पुलिस ने देररात हिरासत में लिया है। आज सुबह सिंधी कैंप बस स्टैंड पर धरनास्थल पर पुलिस की सख्ती के चलते सन्नाटा पसरा रहा। धरनास्थल पर लगे तंबुओं में आज सुबह इक्का दुक्का पेंशनर कर्मचारी ही नजर आए।
अजमेर पहुंचे एटक प्रदेशाध्यक्ष एमएल यादव ने बताया कि राज्य सरकार रोडवेजकर्मियों से वार्ता करने की बजाय अब दमनात्मक कार्रवाई पर उतारू हो गई है। इसके बावजूद आज सैंकड़ों रोडवेजकर्मी अजमेर पहुंच गए हैं और आज पीएम की सभा में पहुंचकर आक्रोश व्यक्त करेंगे। परिवहन विभाग ने पीएम की सभा के लिए शुक्रवार से लोक परिवहन सेवा और प्राइवेट बसों की धरपकड़ की है जिसके चलते आज रोडवेज बसों के साथ लोक परिवहन और प्राइवेट बसों की सुविधा भी प्रदेवासियों को नहीं मिल सकेगी। रविवार को एसआइ लिखित परीक्षा भी हो रही है ऐसे में परीक्षार्थियों को भी आवागमन का साधन उपलब्ध नहीं होने से परेशानी हो रही है।