
PM Modi In Ajmer
अजमेर.
राजस्थान रोडवेज के कर्मचारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कर्मचारी माखुपुरा में प्रदर्शन कर रहे थे। हालांकि कर्मचारियों का पीएम मोदी की सभा में जाने का कार्यक्रम नहीं था, लेकिन पुलिस ने माहौल बिगडऩे की आशंका के चलते इन्हें पहले ही हिरासत में ले लिया।
राजस्थान रोडवेज की बीस दिन से हड़ताल जारी है। इसको लेकर शुक्रवार देर रात भी दो कर्मचारियों को पुलिस ने पकड़ा था। शनिवार सुबह भी माखुपुरा में प्रदर्शन करते कर्मचारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया
नहीं मिलने देंगे पीएम से
रोडवेज कर्मचारी, रेडियोग्राफर, कनिष्ठ अभियंता, नर्सेज एसोसिएशन सहित कई संगठनों के कर्मचारियों ने जिला कलक्टर आरती डोगरा से मुलाकात की। कर्मचारियों ने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात का आग्रह किया। लेकिन प्रशासन की तरफ से साफ इन्कार कर दिया गया है। प्रशासनिक अधिकारी भगवतसिंह राठौड़ ने बताया कि पीएमओ अथवा सीएमओ से कोई अनुमति नहीं मिली है। ऐसे में किसी संगठन अथवा कर्मचारी को पीएम से मुलाकात नहीं करने दिया जाएगा।
पांडाल में गूंजा आओ साथ चलें, बस इंतजार है पीएम मोदी का
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा के लिए कायड़ विश्रामस्थली में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है। विशेष डोम में भाजपा के आओ साथ चलें..का नारा गूंजने लगा है। फिलहाल पांडाल में भाजपा कार्यकर्ता, पुलिस, मीडिया और दूरदराज के लोगों की आवाजाही दिखी है। 10 से 12 बजे बीच लोगों की आवाजाही बढ़ेगी। सीएम वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी सहित कई केबिनेट और राज्य सरकार के मंत्री भी पहुंचेंगे। सभा की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है। पुलिस व प्रशासन की ओर से एक बारगी कारकेड निकालकर रिहर्सल हो चुकी है
कायड़ विश्रामस्थली में मोदी की सभा को सफल बनाने के लिए भाजपा के विधायकों, शहर एवं देहात भाजपा के पदाधिकारियों को भी पार्टी की ओर से दिए गए लक्ष्य के अनुसार आमजन को सभा में लाने के संबंध में प्रदेश आलाकमान ने खास निर्देश दिए हैं। सभा स्थल पर सीट खाली नहीं रहे इसको लेकर भाजपा नेताओं ने विशेष योजना बनाई है। पिछले दिनों भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की नागौर और अन्य जगह हुई सभा में कई सीट खाली रही थी। इसको लेकर भाजपा का शीर्ष नेतृत्व काफी सतर्क है।
Updated on:
06 Oct 2018 10:39 am
Published on:
06 Oct 2018 10:39 am
