जयपुर

Rajasthan : फर्जी एमबीबीएस डिग्री से राजस्थान में बना डॉक्टर, 3 साल बाद खुली पोल, काउंसिल ने निरस्त किया पंजीयन

Rajasthan : फर्जी डिग्री के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीयन कराने का मामला सामने आया है। खुलासा होने पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल ने एमबीबीएस की फर्जी डिग्री और एनओसी के आधार पर कराए गए डॉक्टर के पंजीयन को निरस्त कर दिया है।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 7:46 PM IST
rajasthan fake mbbs degree sandeep chaudhary doctor registration cancelled
Rajasthan : फाइल फोटो पत्रिका।

Rajasthan : जयपुर. फर्जी डिग्री के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीयन कराने का मामला सामने आया है। खुलासा होने पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल ने एमबीबीएस की फर्जी डिग्री और अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के आधार पर कराए गए डॉक्टर के पंजीयन को निरस्त कर दिया है। राजस्थान मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार डॉ. गिरधर गोयल ने बताया कि संदीप चौधरी पुत्र नवीन चौधरी, निवासी 292, बोचालिया बास, मौलासर, नागौर का राजस्थान मेडिकल काउंसिल में आरएमसी-60417 क्रमांक से 1 मार्च, 2023 को पंजीयन किया गया था। पंजीयन के दौरान संबंधित व्यक्ति ने पंडित बी.डी. शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक से एमबीबीएस उत्तीर्ण होना बताया था।

उन्होंने बताया कि पंजीयन से संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान संदेह होने पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल द्वारा पत्रांक 515 दिनांक 3 अगस्त 2026 एवं पत्रांक 585 दिनांक 24 अगस्त 2026 के माध्यम से संबंधित विश्वविद्यालय एवं हरियाणा मेडिकल काउंसिल से तथ्यात्मक जानकारी मांगी गई।

शिकायत के बाद दो राज्यों में कराया सत्यापन

संदीप चौधरी के खिलाफ प्राप्त शिकायत के आधार पर काउंसिल ने शैक्षणिक दस्तावेजों की जांच शुरू की। इसके लिए 3 अगस्त 2026 और 24 अगस्त 2026 को लिखे गये पत्रों के माध्यम से रोहतक विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को दस्तावेजों के सत्यापन के लिए पत्र भेजे गए।

प्रस्तुत दस्तावेज फर्जी - अधीक्षक

सत्यापन के दौरान पंडित बी.डी. शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक के अधीक्षक (परीक्षा) ने पत्र के माध्यम से स्पष्ट किया कि संदीप चौधरी के नाम से एमबीबीएस की योग्यता विश्वविद्यालय में पंजीकृत नहीं है तथा संबंधित डिग्री विश्वविद्यालय द्वारा जारी नहीं की गई है। इसी प्रकार हरियाणा मेडिकल काउंसिल, पंचकूला ने भी स्पष्ट किया कि संबंधित व्यक्ति को इस काउंसिल द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया है तथा प्रस्तुत दस्तावेज फर्जी हैं।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय एवं हरियाणा मेडिकल काउंसिल से प्राप्त सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल ने संदीप चौधरी का पंजीयन क्रमांक आरएमसी-60417 दिनांक 1 मार्च 2023 तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।

ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होगी

डॉ. गिरधर गोयल ने कहा कि चिकित्सा पेशे की विश्वसनीयता, पारदर्शिता एवं आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेडिकल काउंसिल द्वारा चिकित्सकों की शैक्षणिक योग्यता एवं पंजीयन संबंधी दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन किया जाता है। फर्जी डिग्री अथवा गलत दस्तावेजों के आधार पर चिकित्सा व्यवसाय करने के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई नहीं बरती जाएगी तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Updated on:
17 Nov 2026, 7:46 PM IST
Published on: