जयपुर

राजस्थान सरपंच चुनाव: कहीं BJP MLA के बेटे-जमाई की हार तो कहीं पूर्व विधायक की पत्नी को शिकस्त, चौंकाने वाले रहे ये नतीजे

Rajasthan Sarpanch Election 2026: पंचायत चुनाव में गांवों की चौपाल पर राजनीतिक रसूख और पारिवारिक पहचान भी कई जगह मतदाताओं को प्रभावित नहीं कर सकी। भाजपा विधायक के बेटे और जमाई से लेकर पूर्व विधायक की पत्नी तक को सरपंच चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 8:24 AM IST
Rajasthan Panchayat Election
Rajasthan Panchayat Election : फाइल फोटो पत्रिका।

जयपुर। पंचायत चुनाव में गांवों की चौपाल पर राजनीतिक रसूख और पारिवारिक पहचान भी कई जगह मतदाताओं को प्रभावित नहीं कर सकी। भाजपा विधायक के बेटे और जमाई से लेकर पूर्व विधायक की पत्नी तक को सरपंच चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। बांसवाड़ा के नवागांव में करीब 44 साल से पंचायत की राजनीति में सक्रिय मकवाणा परिवार को भी झटका लगा। हालांकि, कुछ जगह परिवारों का दबदबा कायम रहा। पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर के छोटे भाई की पत्नी सरपंच निर्वाचित हुईं।

बांसवाड़ा जिले की बोरी ग्राम पंचायत में गढ़ी से भाजपा विधायक कैलाश मीणा के बेटे जतिन कुमार ताबियार 251 मतों से चुनाव हार गए। मोर पंचायत में विधायक के भांजे जमाई गणेशलाल 252 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे। यहां भाजपा समर्थित कमल मीणा ने 1211 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि अनिल को 364 वोट मिले।

गणेशलाल के समर्थन को लेकर चुनाव से पहले राजनीतिक विवाद भी सामने आया था। विधायक पर पार्टी के एक नेता को कथित तौर पर धमकाने के आरोप लगे थे। भतार ग्राम पंचायत में पूर्व राज्य मंत्री दिवंगत जीतमल खांट के दामाद और कांग्रेस युवा नेता इंद्रराज जीत चरपोटा भी सरपंच का चुनाव हार गए। टिमुरवा में निवर्तमान प्रधान राजू भाई मईड़ा की पत्नी रमीला देवी को भी हार का सामना करना पड़ा।

नवागांव: 4 दशक पुरानी सियासत को झटका

बांसवाड़ा की नवागांव और नवगठित पलोदरा ग्राम पंचायत के चुनाव में करीब 44 साल से पंचायत से लेकर विधानसभा तक सक्रिय मकवाणा परिवार को हार का सामना करना पड़ा। नवागांव में पारी देवी मकवाणा 388 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहीं, जबकि उषा देवी ने 1034 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। पलोदरा में शंकरलाल मकवाणा की पुत्रवधू ममता 224 मतों से चुनाव हार गईं। शंकरलाल दो बार सरपंच रह चुके हैं। उनकी पत्नी पारी देवी और माता विठली देवी भी सरपंच रहीं। परिवार में पिता भानजी भाई सरपंच, प्रधान, उप जिला प्रमुख और विधायक रह चुके हैं।

सीकर : पूर्व विधायक की पत्नी 113 वोटों से हारीं

फतेहपुर के पूर्व विधायक भंवरू खां की पत्नी और वर्तमान विधायक हाकम अली खान की भाभी सहीदन बानो रामगढ़ पंचायत समिति की रोहल ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव हार गईं। उन्हें रिंकु कंवर ने 113 मतों से पराजित किया। पूर्व विधायक की पत्नी की हार क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

बारां : मंत्री के परिवार ने सरपंच का पद रखा बरकरार

पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर के पैतृक गांव चरड़ाना में उनके छोटे भाई कृष्णमुरारी दिलावर की पत्नी जमना सरपंच निर्वाचित हुईं। उन्होंने 698 मतों से जीत दर्ज की। कृष्णमुरारी 2004, 2009 व 2019 में सरपंच का चुनाव जीत चुके हैं। पिछले महीने अटरू नगर पालिका चुनाव में पार्षद निर्वाचित हुए थे, लेकिन भाजपा को बहुमत नहीं मिलने के कारण अध्यक्ष नहीं बन पाए। चरड़ाना में इस बार सरपंच पद महिला एससी वर्ग के लिए आरक्षित होने के कारण उनकी पत्नी चुनाव मैदान में थीं।

पूर्व विधायक के दोनों भतीजों की पत्नियां हारीं

छबड़ा के पूर्व विधायक करण सिंह राठौड़ के दोनों भतीजों की पत्नियां चुनाव हार गईं। वीरेन्द्र सिंह और जसवंत सिंह की पत्नियां सरपंच का चुनाव लड़ी थीं, लेकिन दोनों को हार का सामना करना पड़ा। वहीं अटरू की केरवालिया ग्राम पंचायत से भाजपा के बारां जिला महामंत्री लक्ष्मीनारायण केरवालिया भी चुनाव हार गए।

Updated on:
18 Nov 2026, 8:24 AM IST
Published on: