जयपुर

राजस्थान वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना : बुजुर्गों को प्रमुख तीर्थों के दर्शन की सौगात, दिसंबर में चलेंगी 5 विशेष ट्रेनें

राजस्थान के बुजुर्गों के लिए दिसंबर में आस्था की विशेष सौगात मिलने जा रही है। देवस्थान विभाग पांच विशेष ट्रेनों से वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाएगा। वहीं पशुपतिनाथ मंदिर की हवाई यात्रा भी फिर शुरू होगी। जानिए दिसंबर में कौन-सी ट्रेन कब रवाना होगी और सरकार की इस योजना का लाभ लेने के लिए क्या पात्रता और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया है।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 9:51 PM IST
Rajasthan Teerth Yatra Yojana
Rajasthan Teerth Yatra Yojana (फाइल फोटो-पत्रिका)

जयपुर। राजस्थान के वरिष्ठ नागरिकों के लिए तीर्थ यात्रा का इंतजार कर रहे बुजुर्गों को दिसंबर में कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा। देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत दिसंबर में पांच विशेष ट्रेनें अलग-अलग तीर्थ स्थलों के लिए रवाना होंगी। इनमें कामाख्या, तिरुपति, उज्जैन, रामेश्वरम और जगन्नाथपुरी शामिल हैं। इसके अलावा नेपाल के काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर की हवाई यात्रा भी दिसंबर से दोबारा शुरू होने जा रही है। नेपाल में आई त्रासदी के बाद पिछले चार महीने से यह यात्रा बंद थी।

इस बीच सोमवार को योजना के तहत 25वीं ट्रेन सवाई माधोपुर से द्वारका-सोमनाथ के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन जयपुर के दुर्गापुरा स्टेशन से होकर गुजरेगी। इसमें विभिन्न जिलों के 970 श्रद्धालुओं के साथ स्टाफ और सहयोगियों सहित कुल 1000 यात्री यात्रा करेंगे।

सवाई माधोपुर स्टेशन से भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, करौली और डीग के 504 यात्री सवार होंगे। वहीं दुर्गापुरा स्टेशन से जयपुर, दौसा, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ के 466 श्रद्धालु यात्रा में शामिल होंगे। देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत के अनुसार, योजना के तहत अब तक 24 ट्रेनों से 2,408 वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाए जा चुके हैं। वहीं इस वर्ष अब तक 1,674 यात्रियों को हवाई यात्रा के माध्यम से तीर्थ दर्शन करवाए गए हैं।

दिसंबर में इन पांच तीर्थ स्थलों के लिए चलेंगी ट्रेनें

तारीखप्रस्थान स्टेशनतीर्थ स्थल
2 दिसंबरबीकानेरकामाख्या
7 दिसंबरखातीपुरा (जयपुर)तिरुपति
13 दिसंबरभगत की कोठी (जोधपुर)उज्जैन
15 दिसंबरअजमेररामेश्वरम
21 दिसंबरजयपुरजगन्नाथपुरी

इन यात्राओं के जरिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों के वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा। विभाग की ओर से यात्रियों के लिए यात्रा संबंधी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

ऐसे कर सकते हैं योजना में रजिस्ट्रेशन

इस योजना का लाभ लेने के लिए राजस्थान का मूल निवासी होना और निर्धारित आयु सीमा पूरी करना जरूरी है। देवस्थान विभाग के आवेदन दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रमुख शर्तें इस प्रकार हैं-

  • आवेदक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए।
  • आवेदक और उसका जीवनसाथी आयकरदाता नहीं होने चाहिए।
  • आवेदक ने पहले इस योजना का लाभ नहीं लिया हो।
  • आवेदक शारीरिक और मानसिक रूप से यात्रा करने में सक्षम हो।
  • सरकारी चिकित्सक से जारी मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र देना जरूरी है।
  • निर्धारित नियमों के अनुसार सेवानिवृत्त राजपत्रित अधिकारी पात्र नहीं हैं।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

  1. देवस्थान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट [devasthan.rajasthan.gov.in]पर जाएं।
  2. वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के आवेदन लिंक पर क्लिक करें।
  3. जनआधार नंबर दर्ज कर मांगी गई व्यक्तिगत जानकारी भरें।
  4. अपनी पसंद के तीर्थ स्थलों का चयन करें।
  5. मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, फोटो और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
  6. आवेदन सबमिट करने के बाद पंजीयन संख्या सुरक्षित रखें।

2027-28 के लिए मई में खुल सकती है विंडो

ई-मित्र केंद्र की मदद से भी आवेदन किया जा सकता है। आवेदकों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत कंप्यूटरीकृत लॉटरी से किया जाता है। वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026 के आवेदन बंद हो चुके हैं। ऑनलाइन आवेदन की विंडो 27 मई से 10 जून 2026 तक खुली थी, अब आवेदन नहीं हो रहे हैं। 2026 की लॉटरी घोषित हो चुकी है। 2026-27 में कुल 56,000 सीटें थीं, जिसमें से ट्रेन से 50,000 और हवाई मार्ग से 6,000 यात्रियों के लिए आवेदन पूरा हो चुका है। 2027-28 की तारीखें अभी घोषित नहीं हुईं हैं। मई 2027 के आसपास विंडो खुलने की उम्मीद है। इस योजना के तहत यात्रा पूरी तरह मुफ्त कराई जाती है, आवेदन के लिए किसी तरह की फीस नहीं ली जाती है।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
29 Nov 2026, 9:51 PM IST
Published on: