
जयपुर। राजस्थान में उप प्रधान चुनाव के दौरान दो जगह रोचक सियासी समीकरण देखने को मिले। भरतपुर जिले की बयाना और उदयपुर जिले की भींडर पंचायत समिति में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतने वाली दो महिलाएं भाजपा के सिंबल पर उप प्रधान बन गई। खास बात यह है कि दोनों ही पंचायत समितियों में कांग्रेस के पास भाजपा से ज्यादा सदस्य थे, लेकिन भाजपा ने सियासी समीकरण साधकर प्रधान के उप प्रधान की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया। इन दोनों महिलाओं के उप प्रधान बनने के बाद राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा हो रही है।
भरतपुर जिले की बयाना पंचायत समिति में भाजपा की गुड़िया कुमारी शनिवार को निर्विरोध उप प्रधान निर्वाचित हुईं। गुड़िया कुमारी वर्ष 2018 से 2023 तक बयाना से कांग्रेस विधायक रहे अमर सिंह जाटव की बेटी हैं। उन्होंने वार्ड संख्या 6 से कांग्रेस के टिकट पर पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीता था, लेकिन उप प्रधान पद के लिए भाजपा के सिंबल पर नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस की ओर से कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारे जाने के चलते उनका निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
बयाना में कांग्रेस को लगा यह झटका इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि पार्टी के भरतपुर जिलाध्यक्ष बयाना के ही निवासी हैं। पंचायत समिति में कांग्रेस के 12 सदस्य निर्वाचित हुए थे। इसके बावजूद भाजपा ने निर्दलीय सदस्य के रूप में निर्वाचित यादराम गुर्जर को प्रधान बनाने में सफलता हासिल की। इसके बाद कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित गुड़िया कुमारी को उपप्रधान बनाकर भाजपा ने कांग्रेस को दूसरा बड़ा राजनीतिक झटका दिया। कांग्रेस की रणनीतिक विफलता का आलम यह रहा कि वह दोनों ही पदों पर अपना उम्मीदवार तक खड़ा नहीं कर सकी।
उदयपुर जिले की भींडर पंचायत समिति में भी सियासी उलटफेर देखने को मिला। यहां कुल 19 सीटों में से 10 पर कांग्रेस और चार पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। इसके बावजूद उप प्रधान चुनाव में कांग्रेस महज आठ वोटों पर सिमट गई, जबकि भाजपा प्रत्याशी दिव्या कुंवर को 11 वोट मिले। दिव्या ने कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र मीणा को तीन वोटों से हराकर उप प्रधान की कुर्सी हासिल की।
कांग्रेस के टिकट पर पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुई दिव्या कुंवर पिछले 15 दिनों से भाजपा की बाड़ेबंदी में थीं। शुक्रवार को प्रधान चुनाव में उन्होंने भाजपा के पक्ष में मतदान किया, जिसमें राजकुमारी जैन प्रधान निर्वाचित हुईं। इसके अगले ही दिन दिव्या खुद भाजपा के सिंबल पर उप प्रधान बन गईं। प्रधान चुनाव में कांग्रेस को नौ और भाजपा को 10 वोट मिले थे, जबकि उप प्रधान चुनाव में कांग्रेस का एक वोट और कम हो गया।