जयपुर

Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में इस तारीख से बदलेगा मौसम, बारिश-तेज हवाओं के साथ गिरेगा पारा; जानें अपने शहर का हाल

Rajasthan Weather: राजस्थान में नवंबर में भी गर्मी का असर बरकरार है। राजधानी जयपुर में पारा सामान्य से 2.9 डिग्री ऊपर पहुंचा। 14-15 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ से बारिश और 16 नवंबर से 2-4 डिग्री तक गिरावट के आसार हैं।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 8:59 PM IST
rajasthan weather alert
राजस्थान में 14 नवंबर से बदलेगा मौसम का मिजाज (पत्रिका क्रिएटिव फोटो)

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में नवंबर का दूसरा पखवाड़ा शुरू होने के बावजूद दिन की गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है। राजधानी जयपुर में भी दिन के साथ रात का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, 14 और 15 नवंबर को सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है। इस दौरान बादल छाने के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना है। वहीं, 16 नवंबर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। इससे दिन की गर्मी से राहत मिलने और रात में सर्दी का असर बढ़ने के आसार हैं।

जयपुर में सामान्य से 2.9 डिग्री ज्यादा रहा दिन का तापमान

नवंबर का दूसरा पखवाड़ा शुरू होने के बावजूद गुलाबी नगरी में सर्दी की एंट्री अभी लेट है। गुरुवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री ऊपर है। मौसम केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटे में जयपुर के अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जबकि न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री बढ़ा। इसके चलते दिन के साथ सुबह और रात में भी गर्मी का अहसास बना हुआ है।

14-15 नवंबर को पश्चिमी राजस्थान और शेखावाटी में बदल सकता है मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, 14 और 15 नवंबर को नए पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश के पश्चिमी राजस्थान और शेखावाटी क्षेत्र में देखने को मिल सकता है। 14 नवंबर को जोधपुर और बीकानेर संभाग में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। वहीं, 15 नवंबर को उत्तरी बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, जयपुर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

16 नवंबर से 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के बाद 16 नवंबर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे जयपुर में भी दिन के समय गर्मी से राहत मिल सकती है। वहीं, रात के तापमान में गिरावट के साथ सर्दी का असर बढ़ने के आसार हैं।

बाड़मेर 36.3 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म

प्रदेश में गुरुवार को बाड़मेर सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चित्तौड़गढ़ में भी पारा 36 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं, जयपुर में अधिकतम तापमान 32.6 और न्यूनतम 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा। रात के तापमान की बात करें तो माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री और सीकर में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Updated on:
12 Nov 2026, 8:59 PM IST
Published on: