
जयपुर। राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अगले दो दिन कई जिलों में बादल छाने, मेघगर्जन और हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 14 और 15 नवंबर को प्रदेश के 10 जिलों में अलग-अलग दिन बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। हालांकि, 16 नवंबर से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इसके बाद अगले चार से पांच दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है। इससे सर्दी का असर बढ़ेगा।
मौसम विभाग के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 नवंबर को जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की प्रबल संभावना है। विभाग ने बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर और फलोदी में येलो अलर्ट जारी किया है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर 15 नवंबर को अधिक देखने को मिलेगा। इस दिन बीकानेर संभाग, अजमेर और जयपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों तथा शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग ने झुंझुनूं, सीकर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जोधपुर, नागौर और फलोदी में येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के शेष अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 16 नवंबर से प्रदेश में अगले चार से पांच दिन मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की प्रबल संभावना है। ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।
बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्वी राजस्थान में चित्तौड़गढ़ 36 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान सीकर में 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी राजस्थान में नागौर का न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री रहा। राजधानी जयपुर में शुक्रवार को मौसम शुष्क रहा, हालांकि सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस की गई।