जयपुर

Weather Update : राजस्थान में फिर पलटेगा मौसम, जानें आगामी दिनों का पूर्वानुमान

Weather Update : बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान का राजस्थान में व्यापक असर होने की संभावना नहीं है। राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन दिन मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। हालांकि, पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में 29 और 30 अक्टूबर को मौसम बदल सकता है।
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 10:57 PM IST
rajasthan weather change again know coming days forecast
Rajasthan Weather News : फाइल फोटो पत्रिका।

Weather Update : बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान का राजस्थान में व्यापक असर होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने राजस्थान में 27 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने और 29-30 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना जताई है। साथ ही 29-30 अक्टूबर के लिए राज्य के 23 जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। 1 नवंबर को भी प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी तीन दिन मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। वहीं पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, अजमेर व कोटा संभाग के कुछ भागों में 29-30 अक्टूबर को बादल छाए रहने व कहीं-कहीं मेघगर्जन, तेज हवाओं 30-40 Kmph के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के पूर्वी भागों में भी 29-30 अक्टूबर को कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, सीमावर्ती क्षेत्र के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग का दैनिक वर्षा पूर्वानुमान

मौसम विभाग द्वारा जारी दैनिक वर्षा पूर्वानुमान पर नजर डालें तो 28 अक्टूबर को राज्य के जयपुर और भरतपुर संभाग में बारिश की संभावना है। 29 अक्टूबर को अजमेर, जयपुर, कोटा, भरतपुर और बीकानेर संभाग में बारिश हो सकती है। 30 अक्टूबर को अजमेर, जयपुर, कोटा,भरतपुर और बीकानेर के साथ साथ उदयपुर संभाग में भी बारिश की संभावना बन रही है। इसी तरह 31 अक्टूबर को राज्य के भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग की जिलेवार चेतावनी

मौसम विभाग की जिलेवार चेतावनी पर गौर करें तो इसमें 29 और 30 अक्टूबर को अजमेर, अलवर, बारां, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपुतली-बहरोड, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक, चूरू, डीडवाना-कुचामन और नागौर जिलों में कहीं कहीं मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से झोंकेदार तेज हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

27 अक्टूबर और 1 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना

मौसम विभाग ने 27 अक्टूबर और 1 नवंबर को राज्य के अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बाड़मेर का 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान माउंटआबू का 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में अधिकांश स्थानों का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहा।

16 स्थानों का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज

वहीं प्रदेश में 16 स्थानों का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। इनमें भी ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम तापमान 16-17 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहा।

Updated on:
26 Oct 2026, 10:57 PM IST
Published on: