जयपुर

Weather Update : राजस्थान में 10 अक्टूबर से पलटेगा मौसम, बारिश और तेज हवा की संभावना, फिर दस्तक देगी गुलाबी सर्दी

Weather Update : जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, शनिवार 10 अक्टूबर से उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आस-पास के क्षेत्रों में परिसंचरण तंत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर और झुंझुनूं सहित आस-पास के जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
2 min read
rajasthan weather change from 10 October rain strong winds prediction
Weather Update : फाइल फोटो पत्रिका

Weather Update : जयपुर। प्रदेश में शनिवार से मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। तेज गर्मी के बीच बारिश और तेज हवा से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम में बदलाव के साथ ही गुलाबी सर्दी की शुरुआत भी हो सकती है। इससे पहले शुक्रवार को जयपुर समेत कई जिलों में गर्मी का असर बना रहा, जबकि रात के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहा।

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, शनिवार से उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आस-पास के क्षेत्रों में परिसंचरण तंत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर और झुंझुनूं सहित आस-पास के जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 13 और 14 अक्टूबर को भी उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आस-पास के जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और भरतपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में बदलाव के साथ सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है।

मौसम विभाग का दैनिक वर्षा पूर्वानुमान

मौसम विभाग के दैनिक वर्षा पूर्वानुमान के अनुसार 10-11 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान के जयपुर संभाग में कहीं कहीं पर बारिश की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में 10-11-13-14 अक्टूबर को बीकानेर संभाग में कहीं कहीं वर्षा होने का अनुमान है।

पिलानी में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजस्थान में बीते 24 घंटे में सभी शहरों का तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। पिलानी में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं चूरू-जैसलमेर में 38.5 डिग्री तापमान रहा।

सीकर में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजस्थान में बीते 24 घंटे में सीकर, फतेहपुर, चूरू के अलावा नागौर और आस-पास एरिया में रात में ठंडक बढ़ गई थी। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज रहा। सीकर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जयपुर में आज का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस

जयपुर में आज 9 अक्टूबर को रात 9 बजे तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जयपुर का आज अधिकतम तापमान अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जयपुर में गुरुवार को दिनभर आसमान साफ रहा और धूप रही। हल्की हवा चलने से तापमान में 1 डिग्री तक गिरावट हुई। जयपुर में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

Updated on:
09 Oct 2026 08:51 pm
Published on:
09 Oct 2026 08:47 pm