
Rajasthan Weather Update: जयपुर: राजस्थान में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं ने प्रदेश में ठंड का असर बढ़ाना शुरू कर दिया है। खासकर शेखावाटी क्षेत्र में सर्दी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। वहीं, सीकर में भी रात का पारा 11.4 डिग्री दर्ज किया गया। हैरानी की बात यह है कि फतेहपुर ही नहीं, सीकर में भी माउंट आबू के मुकाबले ज्यादा ठंड दर्ज की गई।
वहीं दूसरी ओर दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है। चित्तौड़गढ़ जिले में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी प्रदेश में एक तरफ रातें सर्द हो रही हैं, तो दूसरी तरफ दोपहर में गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले सात दिन के लिए प्रदेश में मौसम साफ रहने और बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है।
राजस्थान में सर्दी का सबसे ज्यादा असर शेखावाटी क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के 18 नवंबर के आंकड़ों के अनुसार, सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह प्रदेश के प्रमुख मौसम केंद्रों में सबसे कम तापमान रहा। वहीं, माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री और सीकर में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य शहरों में भी रात के तापमान में अंतर देखने को मिला।
राजस्थान में रात के तापमान में गिरावट के बावजूद दिन में गर्मी से राहत नहीं मिली है। दोपहर में तेज धूप निकलने से कई शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग की 18 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार चित्तौड़गढ़ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर में 33.6 डिग्री, जोधपुर में 31.8 और जैसलमेर में 31.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, जयपुर में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री रहा।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान में बदलाव देखने को मिला। सीकर में रात के तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जैसलमेर में 2.8 डिग्री और अजमेर में 2.2 डिग्री की वृद्धि हुई। राजधानी जयपुर में भी न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री और जोधपुर में 1.4 डिग्री बढ़ा। इसके विपरीत उदयपुर में रात का तापमान 2 डिग्री गिर गया। बीकानेर में 1.6 डिग्री और श्रीगंगानगर में 0.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। अगले एक सप्ताह तक राजस्थान में बारिश की कोई संभावना नहीं है। किसी नए मौसमी सिस्टम का प्रभाव भी नजर नहीं आ रहा है। उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण आगामी दिनों में रात के तापमान में और गिरावट होने के आसार हैं। इससे सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ सकती है। हालांकि, दिन में आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने से तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है।