
जयपुर। राजस्थान में शुक्रवार को भी पश्चिमी विक्षोभ का असर जारी है। सुबह से अब तक मौसम विभाग का चौथा अलर्ट सामने आया है। मौसम केंद्र जयपुर ने अगले 3 घंटे के लिए चार जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 घंटे में धौलपुर, भरतपुर, करौली और डीग जिले में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ बारिश की संभावना है। साथ ही 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि मेघगर्जन के समय पेड़ों के नीचे शरण न लें और सुरक्षित स्थान पर शरण लें। साथ ही वाहन चलाते समय भी विशेष सावधानी बरतें।
मौसम विभाग ने इससे पहले शुक्रवार को ही भरतपुर और धौलपुर जिले में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। वहीं, डीग, भरतपुर, अलवर, धौलपुर, करौली व दौसा और बारां, डीग, धौलपुर, अलवर भरतपुर जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया था।
इससे पहले गुरुवार को भी राजस्थान के मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला था। गुरुवार को दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला। टोंक, अलवर और दौसा जिले में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। वहीं, सवाईमाधोपुर और कोटपूतली-बहरोड़ में भी बारिश हुई। राजधानी जयपुर में देर शाम ठंडी हवाएं चलने से गर्मी से राहत मिली।
दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान में तापमान बढ़ने से गर्मी तेज हो गई है। दिन के तापमान में बीते 24 घंटे में सात डिग्री तक बढ़ोतरी देखी गई। गुरुवार को सबसे अधिक तापमान जैसलमेर में 45.1 डिग्री दर्ज किया। वहीं, बाड़मेर में पारा 44.2 डिग्री रहा। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में 9 मई से हीटवेव (लू) का एक नया दौर शुरू होने और तापमान 45 से 47 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई है।
मौसम केंद्र जयपुर ने शुक्रवार को प्रदेश के 7 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो टोंक, सवाईमाधोपुर, करौली, धौलपुर, डीग, भरतपुर और अलवर जिले में बारिश होने की संभावना है। साथ ही 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।