जयपुर

IMD Alert 1 May: मई के पहले सप्ताह में आधे से ज्यादा राजस्थान में बारिश और आंधी की संभावना

Rain Alert: 1 मई से 7 मई तक जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभागों में कई स्थानों पर वर्षा हो सकती है। वहीं बीकानेर संभाग में भी अधिकांश दिनों में बारिश के आसार हैं। 4 मई को उदयपुर संभाग में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसके अलावा 6 और 7 मई को जोधपुर संभाग में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

2 min read
May 01, 2026
Weather in Rajasthan
Photo Patrika

Rajasthan Weather: जयपुर. राजस्थान में आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मई के पहले सप्ताह में कई क्षेत्रों में बारिश, तेज हवाएं और मेघगर्जन की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इससे जहां एक ओर गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं मौसम में उतार-चढ़ाव भी बना रहेगा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय बना हुआ है, जो समुद्र तल से लगभग 5.8 किमी की ऊंचाई पर स्थित है। इसके अलावा, मध्य क्षोभमंडल में एक अन्य ट्रफ भी सक्रिय है, जिसका असर उत्तर भारत के मौसम पर पड़ रहा है। पंजाब और उसके आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है, जिससे मौसम में बदलाव की स्थिति बनी हुई है।

राज्य में 2 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिसका असर राजस्थान पर भी पड़ेगा। इसके चलते दोपहर बाद तेज हवाएं (30 से 50 किमी प्रति घंटा), आंधी और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

तापमान की बात करें तो अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन बारिश और बादलों की गतिविधियों के कारण हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है।

बारिश की संभावना को देखते हुए 1 मई से 7 मई तक जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभागों में कई स्थानों पर वर्षा हो सकती है। वहीं बीकानेर संभाग में भी अधिकांश दिनों में बारिश के आसार हैं। 4 मई को उदयपुर संभाग में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसके अलावा 6 और 7 मई को जोधपुर संभाग में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर तेज आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। किसानों और आमजन को मौसम के इस बदलाव को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Published on:
01 May 2026 02:58 pm