
Rajasthan Latest Weather Update: राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 11-12 सितंबर से, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में 12-13 सितंबर से बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। फिलहाल, राज्य के अधिकांश हिस्सों में शुष्क पश्चिमी हवाएं प्रभावी हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से लगे उत्तरी आंध्रप्रदेश तथा दक्षिणी ओडिशा तट के आसपास 11 सितंबर को एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में 11 सितंबर से हल्की से मध्यम बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। इसके बाद 12 से 15 सितंबर के दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के कुछ और हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 13 और 14 सितंबर को कोटा संभाग तथा आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के जिलों में 13 से 15 सितंबर के दौरान छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों के साथ उत्तरी जिलों में गर्मी थोड़ी ज्यादा रही। आसमान साफ रहने और धूप निकलने के कारण कई इलाकों में तापमान बढ़ा। श्रीगंगानगर में बुधवार को अधिकतम तापमान 38.27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम साफ रहने के कारण राज्य के 10 शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया।
ऐसे में अगले कुछ दिनों में तापमान के साथ-साथ बारिश की गतिविधियों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। खासतौर पर 11 सितंबर से पूर्वी राजस्थान और इसके बाद पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है।