जयपुर

राजस्थान में अचानक बारिश की हुई एंट्री: इन जिलों में गर्मी के बीच राहत के छीटें, अब कैसा रहेगा मौसम ?

Rajasthan Weather Forecast: बीते 24 घंटों के भीतर मरुधरा के कई जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर शुरू हो गया है
2 min read
Feb 11, 2026
Rajasthan Rain Alert
फाइल फोटो-पत्रिका


Rajasthan Weather Update: राजस्थान के मिजाज में इन दिनों बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां सूरज के तल्ख तेवर लोगों को पसीने छुड़ाने लगे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अचानक हुई बूंदाबांदी ने मौसम का गणित पूरी तरह बदल दिया है। बीते 24 घंटों के भीतर मरुधरा के कई जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर शुरू हो गया है

गर्मी के बीच अचानक कैसे बदले हालात?

मौसम विज्ञानियों की मानें तो यह बदलाव अचानक बढ़े तापमान और हवा में नमी यानी ह्यूमिडिटी की अधिक मात्रा की वजह से हुआ है। स्थानीय स्तर पर बने इस सिस्टम के कारण बीकानेर, श्रीगंगानगर, चूरू, झुंझुनूं और सीकर के इलाकों में मंगलवार दोपहर बाद आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया। देखते ही देखते चूरू और श्रीगंगानगर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश ने दस्तक दे दी, जिससे तपती दोपहर में लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली।

30 डिग्री के पार पहुंचा पारा: फरवरी में ही 'मई-जून' का अहसास

राजस्थान के 7 प्रमुख शहरों में अब दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को छूने लगा है। बाड़मेर, पिलानी, चित्तौड़गढ़, बीकानेर, चूरू, फतेहपुर और दौसा में दोपहर के समय तेज गर्मी का असर देखा जा रहा है। राजधानी जयपुर की बात करें तो यहाँ अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहाँ तेज धूप के कारण अब दिन में गर्म कपड़ों की जरूरत लगभग खत्म हो गई है।

रात की गुलाबी ठंड भी हुई विदा

हैरानी की बात यह है कि अब रात के समय भी सर्दी का अहसास कम होने लगा है। पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर में तो रात का न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो इस बात का संकेत है कि अब प्रदेश से सर्दी की विदाई हो रही है। बीकानेर, झुंझुनूं और जयपुर में भी रात का पारा 14 से 15 डिग्री के बीच बना हुआ है।

आगामी दिनों का पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार, फिलहाल राज्य में कोई नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना कम है। अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से साफ बना रहेगा और तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। हालांकि, सुबह-शाम की हल्की ठंडक बरकरार रह सकती है, लेकिन दिन में धूप की तपिश और बढ़ेगी।

Updated on:
11 Feb 2026 10:46 am
Published on:
11 Feb 2026 10:46 am