जयपुर

राजस्थान में बदला मौसम, कोटा-नागौर में झमाझम बारिश, झालावाड़ में गिरे ओले, 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

Rajasthan weather update: राजस्थान के कई हिस्सों में सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल गया। कोटा, झालावाड़ और नागौर में बारिश के साथ ओले गिरे हैं। राजधानी जयपुर में बादल छाए हुए हैं।
2 min read
Jun 01, 2026
rain in rajasthan
झालावाड़ में बारिश के साथ गिरे ओले- फोटो पत्रिका

Rajasthan weather update : जयपुर। राजस्थान के कई हिस्सों में सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल गया। कोटा, झालावाड़ और नागौर में बारिश के साथ ओले गिरे हैं। राजधानी जयपुर में बादल छाए हुए हैं। मौसम केन्द्र जयपुर के मुताबिक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में अगले चार से पांच दिन तक आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन, धूलभरी आंधी और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। जैसलमेर जिले के रामगढ़ क्षेत्र में रविवार को अचानक उठे रेत के बवंडर और धूल भरी आंधी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया था।

कोटा और झालावाड़ में झमाझम बारिश

कोटा जिले में दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और तेज हवा चलने लगी। इसके बाद झमाझम बारिश का दौर शुरू हुआ, जो करीब एक घंटे तक चला। तेज बारिश होने से सड़कें लबालब हो गई। जिले के चेचट कस्बे में करीब एक घंटे तक बारिश हुई। इस दौरान कुछ जगहों पर चने के आकार के ओले भी गिरे। तेज बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। रामगंज मंडी क्षेत्र में जोरदार बारिश होने से सड़कों पर पानी भर गया।

बारिश के साथ गिरे ओले

झालावाड़ जिले में दोपहर 12 बजे तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हुई। रटलाई कस्बे सहित क्षेत्र में 12 बजे तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश का दौर शुरू हुआ जो करीब एक घंटे तक चलता रहा। इस दौरान करीब 20 से 25 मिनट तक जोरदार ओलावृ​ष्टि भी हुई। बारिश के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि तापमान में गिरावट होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। झालरापाटन में सुबह से तेज गर्मी और उमस रहने के बाद दोपहर 1 बजे आसमान में बादल छाए। उसके बाद बारिश शुरू हुई। बरसात के बाद तापमान में कमी होने से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। पनवाड़ कस्बे में सुबह करीब 10 मिनट तक जोरदार बारिश हुई। इस दौरान चने के आकार के ओले गिरे।

नागौर में झमाझम बारिश, सड़कों पर भरा पानी

नागौर जिला मुख्यालय पर सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। तेज गर्जना के साथ हुई बारिश से कुछ ही मिनटों में शहर की सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया। बारिश के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि गर्मी से राहत मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।

इससे पहले सोमवार तड़के भी जिले में बारिश हुई। सुबह करीब साढ़े चार बजे शुरू हुई बारिश रुक-रुक कर कई घंटों तक जारी रही। लगातार हुई बरसात से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पिछले तीन-चार दिनों से जिले में आंधी और बारिश का सिलसिला बना हुआ है।

इसके प्रभाव से रविवार को अधिकतम तापमान घटकर 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रहा। मौसम में आए बदलाव से किसानों और आमजन को गर्मी से राहत मिली है। वहीं लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।

8 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को सिरोही, बालोतरा, बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, पाली और फलोदी में तेज हवा के साथ बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अजमेर, बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक, उदयपुर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, नागौर और श्रीगंगानगर में येलो अलर्ट जारी किया है।

Updated on:
01 Jun 2026 02:34 pm
Published on:
01 Jun 2026 02:34 pm