जयपुर

Ramgarh Dam Survey: हाईकोर्ट की सख्ती के बाद कैचमेंट एरिया में सर्वे तेज, बाणगंगा के 10 किमी बहाव क्षेत्र पर मिला कब्जा

Ramgarh Dam Encroachment: जयपुर के रामगढ़ बांध के कैचमेंट एरिया और बहाव क्षेत्र पर हाई कोर्ट के आदेश पर 57 गांवों में सर्वे शुरू हो गया है। प्रशासन की टीमें बाणगंगा नदी और उसके आसपास बने फार्महाउस, रिसॉर्ट और अतिक्रमणों की रिपोर्ट तैयार कर रही हैं।
2 min read
Aug 04, 2026
Ramgarh Dam Survey
रामगढ़ बांध कैचमेंट एरिया पर मौका रिपोर्ट देखते अधिकारी (Photo-Patrika)

राजधानी की प्यास बुझाने वाले ऐतिहासिक रामगढ़ बांध का गला घोंटने का सिलसिला वर्षों से जारी है। नक्शे अब भी बताते हैं कि यहां नदी बहती है, लेकिन जमीन पर पानी नहीं, कब्जे दिखाई देते हैं। रामगढ़ बांध के कैचमेंट एरिया में शुरू हुए संयुक्त सर्वे ने शुरुआती दौर में ही चौकाने वाले संकेत दिए हैं। बाणगंगा और उसकी सहायक नदियों के बहाव क्षेत्र में बड़े पैमाने पर खेती, मेड़बंदी, फार्महाउस और अन्य निर्माण सामने आ रहे हैं।

कैसे-कैसे अतिक्रमण

अधिकारियों के अनुसार बाणगंगा नदी और उसकी सहायक नदियों के प्राकृतिक बहाव क्षेत्र में खेती, मेड़बंदी, तारबंदी, ट्यूबवेल और अन्य निर्माणों के रूप में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण सामने आ रहे हैं। कैचमेंट क्षेत्र में बने फार्महाउस, रिसॉर्ट, होटल और अन्य पक्के निर्माणों का भी पुराने रिकॉर्ड से मिलान किया जा रहा है।

राजस्व रिकॉर्ड और मौके की स्थिति से मिलान

हाईकोर्ट के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने रामगढ़ बांध के कैचमेंट क्षेत्र की व्यापक पड़ताल और 57 गांवों में जांच तेज कर दी है। बहाव क्षेत्र का राजस्व रिकॉर्ड और मौके की स्थिति से मिलान कर अतिक्रमण चिन्हित किए जा रहे हैं। जमवारामगढ़, विराटनगर, शाहपुरा और आमेर उपखंड के राजस्व अधिकारियों को मौके पर प्राकृतिक बहाव क्षेत्र का सत्यापन कर राजस्व रिकॉर्ड से मिलान करने के निर्देश दिए गए हैं।

  • शुरू हुआ संयुक्त सर्वे : जल संसाधन विभाग ने भी राजस्व विभाग के साथ संयुक्त सर्वे शुरू कर दिया है। विभागीय टीमें कैचमेंट क्षेत्र का भौतिक निरीक्षण कर रही हैं। बाणगंगा, माधोवेणी, गोमती सहित अन्य सहायक नदियों के बहाव क्षेत्र का मौके पर सत्यापन किया जा रहा है। प्रारंभिक निरीक्षण में कई स्थानों पर रिकॉर्ड में दर्ज नदी का बहाव क्षेत्र धरातल से पूरी तरह गायब मिला है।

बाणगंगा के 10 किमी बहाव क्षेत्र पर कब्जा

जल संसाधन विभाग ने करीब 20 किलोमीटर तक बाणगंगा नदी के बहाव क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसमें 10 किलोमीटर से अधिक हिस्से में खेती के नाम पर बहाव क्षेत्र पर कब्जा मिला है।

आज सौंपनी है रिपोर्ट

जिला प्रशासन ने जमवारामगढ़ एसडीएम ललित मीणा और विराटनगर एसडीएम लालचंद यादव के माध्यम से पटवारियों और गिरदावरों से 4 अगस्त तक मौका रिपोर्ट तलब की है।

क्या कहा कोर्ट ने...

कोर्ट ने स्पष्ट कहा है कि कैचमेंट एरिया में किसके फार्महाउस हैं, किसके होटल और रेस्टोरेंट संचालित हो रहे हैं, इसकी पूरी जानकारी रिपोर्ट में शामिल की जाए। प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हो, अतिक्रमणियों के नाम रिपोर्ट में आने चाहिए। कोर्ट के कैचमेंट एरिया में अतिक्रमण करने वालों के नाम बताने के निर्देश पर प्रशासन ने कार्मिकों को जांच के लिए भेजा है।

फैक्ट फाइल

  • रामगढ़ बांध के कैचमेंट एरिया के 57 गांवों का सर्वे किया जा रहा है।
  • इनमें 54 गांव जमवारामगढ़ तहसील और तीन गांव आंधी तहसील के हैं।
  • आधे से अधिक गांव धौला उप तहसील क्षेत्र में आते हैं।
  • गिरदावर और पटवारी राजस्व रिकॉर्ड का मिलान कर रहे हैं।
Updated on:
04 Aug 2026 11:50 am
Published on:
04 Aug 2026 11:43 am