
Jaipur 6AM Experience Your City Campaign: 21 जून की सुबह जयपुर केवल जागेगा नहीं, बल्कि एक नए उत्साह, नई ऊर्जा और बेहतर स्वास्थ्य के संकल्प के साथ दिन की शुरुआत करेगा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राजस्थान पत्रिका के ‘जयपुर 6 AM : एक्सपीरियंस योर सिटी’ अभियान के तहत शहर के तीन प्रमुख स्थान मानसरोवर का लैंडस्केप पार्क, गणगौरी बाजार स्थित चौगान स्टेडियम और शास्त्री नगर का श्री जैन श्वेतांबर शिक्षा समिति परिसर योग, फिटनेस और सामुदायिक सहभागिता के बड़े केंद्र बनेंगे।
यह आयोजन केवल योगासन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्वस्थ जीवन शैली को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित होगा। कार्यक्रमों में योग, प्राणायाम, मेडिटेशन, स्पिरिचुअल जुम्बा, हेल्थ क्विज, फिटनेस चैलेंज, वेलनेस सेशन और स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां शामिल होंगी।
मानसरोवर स्थित लैंडस्केप पार्क में सुबह 6 बजे स्वागत सत्र के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। संयोजक संस्था जयपुर वर्किंग वीमन्स की दीपा यादव ने बताया कि इसके बाद प्रतिभागियों को योग, प्राणायाम और मेडिटेशन कराया जाएगा। यहां स्पिरिचुअल जुम्बा विशेष आकर्षण रहेगा, जो पारंपरिक योग और आधुनिक फिटनेस का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा। साथ ही हेल्थ क्विज, स्वस्थ जीवन शैली टिप्स और प्रकृति संरक्षण पर जागरूकता सत्र भी आयोजित होंगे। प्रतिभागियों के लिए फिटनेस गेम्स और मनोरंजक गतिविधियां भी रखी गई हैं। विजेताओं को पुरस्कार, जबकि सभी प्रतिभागियों को वेलनेस गिफ्ट और हेल्दी स्नैक्स दिए जाएंगे।
गणगौरी बाजार स्थित चौगान स्टेडियम में योग दिवस सामूहिक ऊर्जा और संगीत के संग एक उत्सव का रूप लेगा। यहां संगीतमय योग का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल होंगे। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए शहर में प्री-योग शिविर भी शुरू हो चुके हैं। शुक्रवार को सेंट्रल पार्क में प्रज्ञा योग संस्था की ओर से योग शिविर आयोजित किया गया, जहां योग प्रशिक्षकों मधु और अजय बटवाडा ने साधकों को योग के लाभ बताए और मुख्य आयोजन से जुड़ने का आह्वान किया। चौगान स्टेडियम में प्रज्ञा योग संस्था, मित्राय फाउंडेशन, वर्क फाउंडेशन, वी यूनिट फाउंडेशन तथा तालकटोरा व कदंब कुंड विकास समिति सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
शास्त्री नगर स्थित श्री जैन श्वेतांबर शिक्षा समिति परिसर में सुबह 6 से 8 बजे तक नि:शुल्क योग शिविर एवं हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित किया जाएगा। श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा की ओर से आयोजित इस शिविर में योग प्रशिक्षक संजय माहेश्वरी प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवन के लिए उपयोगी योगाभ्यास करवाएंगे। तेरापंथी सभा के मंत्री राजकुमार बाफना ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में योग की उपयोगिता लगातार बढ़ती जा रही है। आयोजन में तेरापंथ युवक परिषद, महिला मंडल, प्रोफेशनल फोरम, अणुव्रत समिति और कई सामाजिक संस्थाएं सहयोग कर रही हैं।
अपडेट और वाइब के लिए इंस्टाग्राम पर फॉलो करें : @Jaipur6AM