जयपुर

हैरिटेज निगम उपचुनाव का आज घोषित होगा रिजल्ट, भाजपा-कांग्रेस व निर्दलीय प्रत्याशी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला

सुबह बारिश के कारण मतदाताओं का मतदान को लेकर उत्साह कम नजर आया, लेकिन दोपहर बाद मतदान ने गति पकड़ी। पार्षद चुनने के लिए 8 हजार, 130 मतदाताओं में से शाम तक 46.06 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। आज परिणाम जारी होंगे।
less than 1 minute read
• •
Updated: 4 Sep 2025, 7:53 AM IST
election result
फाइल फोटो-पत्रिका

जयपुर। जिला निर्वाचन आयोग ने बुधवार को हैरिटेज निगम के वार्ड 63 में उपचुनाव करवाए। इस दौरान भाजपा, कांग्रेस व निर्दलीय प्रत्याशी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला नजर आया। सुबह बारिश के कारण मतदाताओं का मतदान को लेकर उत्साह कम नजर आया, लेकिन दोपहर बाद मतदान ने गति पकड़ी। पार्षद चुनने के लिए 8 हजार, 130 मतदाताओं में से शाम तक 46.06 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

वार्ड 63 में पार्षद पद के लिए उपचुनाव में भाजपा से रितु नंदवाना, कांग्रेस से भानु सैनी व निर्दलीय सीमा मीणा चुनाव मैदान में उतरीं। मतदान 7 केन्द्रों पर हुआ। जहां सुबह से ही भाजपा, कांग्रेस व निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन में अधिक से अधिक वोटिंग कराने में जुटे रहे।

दोपहर बाद हुई तेजी से वोटिंग

दोपहर एक बजे तक मतदान की गति काफी धीमी रही। सुबह 9 बजे तक 6.50 प्रतिशत मतदान हुआ, 11 बजे तक 13.65 प्रतिशत और दोपहर एक बजे तक 17.89 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर 3 बजे तक 36.21 प्रतिशत और शाम तक 46.06 प्रतिशत मतदान हुआ।

मतदाता सूची में नाम नहीं होने की शिकायत

सिंधु नगर स्थित एक मतदान केन्द्र के बाहर कुछ लोगों ने मतदाता सूची में नाम नहीं होने की शिकायत भी की। मतदाता पहचान पत्र लेकर वोट डालने पहुंचे नवाब कुरैशी ने बताया कि उनका नाम मतदाता सूची में नहीं है।

साथ नजर आए नेता

एक मतदान केन्द्र के बाहर कांग्रेस विधायक अमीन कागजी, भाजपा नेता चन्द्र मनोहर बटवाड़ा और जयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष आर. आर. तिवाड़ी एक साथ नजर आए।

आज होगी मतगणना

आज यानी गुरुवार को सुबह 9 बजे से बनीपार्क स्थित महारानी स्कूल में मतगणना होगी, साथ ही चुनाव परिणाम भी जारी किया जाएगा।

Updated on:
4 Sep 2025, 7:53 AM IST
Published on: