
RIICO Recruitment 2026: जयपुर: राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (RIICO) ने वर्ष 2026 के लिए विभिन्न संवर्गों के कुल 98 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह भर्ती उन युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है, जो राजस्थान में सरकारी क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर रहे हैं। रीको की इस भर्ती में तकनीकी, प्रशासनिक और सहायक स्तर के पद शामिल किए गए हैं।
भर्ती प्रक्रिया के तहत कंपनी सचिव, सहायक नगर नियोजक और प्रोग्रामर के एक-एक पद पर नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा सहायक लेखाधिकारी-द्वितीय के 21 पद, कनिष्ठ विधि अधिकारी के 4 पद, निजी सहायक ग्रेड-द्वितीय के 8 पद, प्रारूपकार के 8 पद तथा कनिष्ठ सहायक के सर्वाधिक 54 पद शामिल हैं। विभिन्न पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता और अनुभव की शर्तें अलग-अलग निर्धारित की गई हैं।
इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 जनवरी 2026 से शुरू होकर 20 फरवरी 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन करें, ताकि किसी तकनीकी समस्या से बचा जा सके।
गौरतलब है कि इससे पहले रीको ने सिविल कैडर के अंतर्गत 39 सहायक स्थल अभियंता पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी, जिनके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 27 जनवरी 2026 निर्धारित है। इच्छुक उम्मीदवार इन पदों के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती से संबंधित आवेदन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, परीक्षा पैटर्न और अन्य नियम-शर्तों की विस्तृत जानकारी रीको की आधिकारिक वेबसाइट www.riico.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध है। उम्मीदवारों को वेबसाइट पर जारी आधिकारिक अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ने के बाद ही आवेदन करने की सलाह दी गई है।