जयपुर

RIICO: प्लग एंड प्ले मॉडल से उद्योग स्थापना हुई आसान, उद्यमियों को मिल रहा बड़ा फायदा

Startup Rajasthan: रीको सीतापुरा फ्लैटेड फैक्ट्री बनी छोटे उद्यमियों की नई पहचान। सीतापुरा फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स में तेजी से बढ़ रहा निवेश और रोजगार।
2 min read
May 17, 2026
Feature image

Ready To Move Factory: जयपुर। RIICO द्वारा विकसित सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स (प्लग एंड प्ले) अब छोटे और मध्यम उद्यमियों के लिए नई उम्मीद बनकर उभर रहा है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस परियोजना को उद्योग जगत से लगातार सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। अब तक कॉम्प्लेक्स के 14 मॉड्यूल्स का आवंटन किया जा चुका है और कई इकाइयों में उत्पादन कार्य भी शुरू हो गया है।

रीको की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य उद्यमियों को कम लागत में रेडी टू मूव औद्योगिक स्पेस उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना समय गंवाए अपना व्यवसाय शुरू कर सकें। खास बात यह है कि उद्यमियों को यहां सुरक्षा व्यवस्था, कार्यालय डिजाइन, लिफ्ट, बैंकिंग और अन्य आधारभूत सुविधाएं पहले से उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे शुरुआती निवेश और समय दोनों की बचत हो रही है।

कॉम्प्लेक्स में रेडीमेड गारमेंट, जेम्स एंड ज्वेलरी और आईटी सेक्टर से जुड़े उद्यमियों ने अपनी इकाइयां स्थापित करनी शुरू कर दी हैं। “शिल्पायान इंडिया” के संचालक विजय सिंह सेंगर ने बताया कि यह मॉडल छोटे उद्यमियों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले उद्योग स्थापित करने में वर्षों लग जाते थे, लेकिन अब प्लग एंड प्ले व्यवस्था के कारण उद्योग तुरंत शुरू किए जा सकते हैं।

फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स: शुरुआती लागत काफी कम

आईटी क्षेत्र से जुड़े “कोहेसिव टीम्स” के संचालक मयंक अग्रवाल ने बताया कि व्यवसाय की शुरुआत में फिक्स्ड एसेट्स पर भारी खर्च होता है, लेकिन फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स ने उनकी शुरुआती लागत को काफी कम कर दिया। वे यहां सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट यूनिट स्थापित कर रहे हैं।

गारमेंट सेक्टर से जुड़े उद्यमी शुभ जैन का कहना है कि सीतापुरा पहले से ही गारमेंट उद्योग का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में यहां यूनिट स्थापित करना व्यापार विस्तार के लिए बेहतर अवसर साबित हो रहा है। वर्तमान में उनकी इकाई में आठ लोग कार्यरत हैं और आने वाले समय में यहां रोजगार के और अधिक अवसर बनने की संभावना है।

रीको ने किया 4,167 वर्गमीटर क्षेत्र में आधुनिक फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का निर्माण

उल्लेखनीय है कि रीको ने 4,167 वर्गमीटर क्षेत्र में इस आधुनिक फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया है। यह राजस्थान की पहली ऐसी परियोजना है जहां लाइसेंस फीस के आधार पर मॉड्यूल्स आवंटित किए गए हैं। कुल 33 मॉड्यूल्स में से 30 मॉड्यूल्स गारमेंट, आईटी और जेम्स एंड ज्वेलरी उद्योगों के लिए आरक्षित हैं, जबकि तीन मॉड्यूल्स सामान्य उद्योगों के लिए रखे गए हैं।

कॉम्प्लेक्स में प्रशासनिक कार्यालय, प्रशिक्षण कक्ष, सभा कक्ष, कैंटीन, मालवाहक और यात्री लिफ्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। सूक्ष्म उद्योगों के लिए 1236 से 1566 वर्गफीट तक के रेडी टू मूव स्पेस उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे कम निवेश में उद्योग स्थापना का सपना साकार हो रहा है।

Updated on:
17 May 2026 04:30 pm
Published on:
17 May 2026 02:45 pm