जयपुर

राजस्थान में निवेश लाने के लिए CM भजनलाल के ‘भागीरथी’ प्रयास, दिल्ली में देश-दुनिया के निवेशकों से करेंगे चर्चा

Rising Rajasthan Investment Summit: नई दिल्ली में 2 दिवसीय इन्वेस्टर रोड शो और आउटरीच का आयोजन किया जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए सीएम भजनलाल शर्मा दिल्ली रवाना हो गए हैं।
2 min read
• •
Updated: 30 Sep 2024, 9:55 AM IST
Feature image

Rising Rajasthan Investment Summit: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार देर रात नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वे दिल्ली में दो दिन राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट पर चर्चा करेंगे। सोमवार सुबह से लेकर देर शाम तक वे राइजिंग राजस्थान रोड शो में शामिल होंगे। मंगलवार को भी सीएम का यही कार्यक्रम रहेगा। बता दें नई दिल्ली में 2 दिवसीय इन्वेस्टर रोड शो और आउटरीच का आयोजन किया गया है।

पहले दिन होंगे ये कार्यक्रम

दरअसल, सीएम भजनलाल शर्मा सोमवार को नई दिल्ली में चुनी हुई कंपनियों के चेयरमैन और सीईओ के साथ मुलाकात करेंगे। इस आउटरीच कार्यक्रम में दिल्ली निवेशक मीट और मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाले राजस्थान सरकार के प्रतिनिधिमंडल की चुनिंदा व्यावसायिक समूहों के सीईओ के साथ आमने-सामने की बैठकें आयोजित की गई हैं।

दूसरे दिन होंगे ये कार्यक्रम

वहीं, मंगलवार को विभिन्न देशों के राजदूतों और राजनयिकों के साथ एक राउंडटेबल कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमें राजस्थान सरकार के प्रतिनिधिमंडल की ओर से नीतिगत बदलावों और निवेशकों को विभिन्न क्षेत्रों दी जा रहीं रियायतों की जानकारी दी जाएगी। इस राउंडटेबल में भाग लेने के लिए अमरीका, ब्रिटेन, जर्मनी, जापान, इटली, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात, डेनमार्क, इंडोनेशिया, मलेशिया, सिंगापुर, तुर्की, स्पेन, स्विट्जरलैंड, कतर, ब्राज़ील, दक्षिण अफ्रीका सहित कई प्रमुख देशों के राजदूतों और राजनयिकों को आमंत्रित किया गया है।

इस दो दिवसीय निवेशक रोड शो और आउटरीच में उद्योग और वाणिज्य मंत्री राज्यवर्धन राठौर, मुख्य सचिव सुधांश पंत, प्रमुख सचिव (उद्योग) अजिताभ शर्मा और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हो रहे हैं।

दिसंबर में होगा शिखर सम्मेलन

गौरतलब है कि राजस्थान सरकार 9, 10 और 11 दिसंबर को जयपुर में माननीय मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित होने वाले ‘राइजिंग राजस्थान’ वैश्विक निवेश शिखर सम्मेलन 2024 के लिए व्यापक घरेलू और वैश्विक पहुंच बना रही है और ‘विकसित राजस्थान’ के सपने को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

Updated on:
30 Sep 2024, 9:55 AM IST
Published on: