जयपुर

Rajasthan Accident: जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, सपोटरा थाने के SI की मौत, 2 कॉन्स्टेबल सहित 3 लोग घायल

Jaipur Road Accident: राजस्थान में जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में सपोटरा थाने के एसआइ की दर्दनाक मौत हो गई।
2 min read
Apr 04, 2026
SI Hanuman Meena Passes Away
सब इंस्पेक्टर हनुमान मीणा। पत्रिका फाइल फोटो

जयपुर। राजस्थान में जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में सपोटरा थाने के एसआइ की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, 2 कॉन्स्टेबल सहित 3 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को दौसा के रामकरण जोशी राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेस-वे पर जयपुर ग्रामीण के आंधी थाना क्षेत्र में नांगल बेला गांव के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। तेज रफ्तार कार अचानक आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। हादसे के वक्त कार में चालक सहित 5 लोग सवार थे। सब इंस्पेक्टर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और तीन लोग घायल हो गए। हादसे में कार चालक को खरोंच तक नहीं आई। हादसे की सूचना मिलते ही आंधी थाना इंचार्ज गोपाल सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे।

मेरठ से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक सपोटरा थाने के एसआइ हनुमान मीणा पुलिस टीम के साथ किसी केस के सिलसिले में मेरठ गए थे। जहां से वे दिल्ली होते हुए वापस लौट रहे थे। तभी जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आने से कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी।

SI हनुमान मीणा की मौके पर ही मौत

हादसे में सवाईमाधोपुर के चकेरी कुंडेरा निवासी 55 वर्षीय हनुमान मीणा की मौके पर ही मौत हो गई। वे करौली जिले के सपोटरा पुलिस थाने में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

तीन घायल ​दौसा के जिला अस्पताल में भर्ती

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने हादसे में घायल सपोटरा थाने के कॉन्स्टेबल कजोड़ जाट, रामराज बैरवा और रामनरेश मीणा को उपचार के लिए एंबुलेंस की मदद से दौसा जिला अस्पताल भिजवाया। जहां तीनों घायलों का उपचार जारी है।

Updated on:
04 Apr 2026 11:24 am
Published on:
04 Apr 2026 11:24 am