
सुनील सिंह सिसोदिया / जयपुर। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के रोड शो और स्वागत को लेकर शहर कांग्रेस ने रूट चार्ट तैयार कर लिया है। हालांकि इस रूट चार्ट को एसपीजी और शहर पुलिस से अनुमति मिलने के बाद ही फाइनल माना जाएगा। फिलहाल तैयार किए गए रूट चार्ट के मुताबिक 16 स्थानों पर स्वागत का कार्यक्रम रखा गया है। इसकी जिम्मेदारी शहर के सभी 16 ब्लॉक को अलग-अलग स्थान की दी गई है। स्वागत राजस्थानी परम्परा के मुताबिक होगा। हर जगह ऊंट, घोड़े और हाथी भी मौजूद रहेंगे। इसको लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतापसिंह खाचरियावास ने पदाधिकारियों की बैठक ली। इसमें प्रदेश सह प्रभारी विवेक बंसल सहित शहर के सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद थे। हालांकि अभी पूरी कार्यक्रम को अंतिम रूप कुछ बदलाव के साथ गुरुवार को दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि शहर कांग्रेस की ओर से तैयार किए गए रूट चार्ट को लेकर एसपीजी व शहर पुलिस को आपत्ति है। कांग्रेस पदाधिकारियों के मुताबिक दोनों की ओर से रोड शो का रूट सीधा जेएलएन रोड रखने के लिए कहा जा रहा है। हालांकि शहर कांग्रेस की ओर से तैयार रूट चार्ट के मुताबिक एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद राहुल जेएलएन रोड स्थित फोर्टिस अस्पताल के सामने से टोंक रोड आएंगे। टोंक रोड पर रोड शो रिजर्व बैंक तक रहेगा। यहां से मोती डूंगरी तिराहे से तीन मूर्ति सर्किल होते हुए न्यूगेट तक होगा। यह भी कहा जा रहा है कि रिजर्व बैंक तख्तेशाही रोड से रोड से शो को नहीं घुमाया गया तो सीधे यादगार से रामलीला मैदान पहुंचेगा। पदाधिकारियों का कहना है कि प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट रूट को लेकर गुरुवार को एसपीजी से बात करेंगे। उसी के बाद अंतिम रूप दिया जाएगा।
इस मौके पर शहर अध्यक्ष खाचरियावास ने कहा कि राहुल के आगमन पर हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता, व्यापार मण्डलों के प्रतिनिधि, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी तथा जयपुर के नागरिक भव्य स्वागत करेंगे। एयरपोर्ट पर राजस्थानी संस्कृति के अनुसार शहनाई की धुन के साथ स्वागत होगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। लेकिन पुलिस-प्रशासन यात्रा टोंक रोड़ के बजाय जेएलएन मार्ग से करवाना चाहता है। उनका कहना था कि जब प्रधानमंत्री का वाराणसी में रोड शो हो सकता है तो जयपुर में राहुल के रोड शो में रोड़े क्यों अटकाए जा रहे हैं। क्या भाजपा राहुल की बढ़ती लोकप्रियता से डर रही है।