RPSC Paper Leak मामले में हर दिन कुछ न कुछ नया सामने आ रहा है। राजस्थान पुलिस ने पेपर लीक मामले में वांटेड भूपेंद्र सारण के साथी हनुमान विश्नोई को गिरफ्तार किया है।
RPSC Paper Leak मामले में हर दिन कुछ न कुछ नया सामने आ रहा है। राजस्थान पुलिस ने पेपर लीक मामले में वांटेड भूपेंद्र सारण के साथी हनुमान विश्नोई को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हनुमान विश्नोई के घर से लाखों रुपए बरामद किए हैं। मामले में भूपेन्द्र सारण की गिरफ्तार पत्नी एलची सारण, भाई गोपाल की पत्नी इंदुबाला, मोटाराम, दिनेश कुमार खींचड़ व रमेश कुमार खींचड़ से पूछताछ में कई तथ्य सामने आए हैं।
कई और बड़े खुलासे होंगे
मामले में वांटेड भूपेन्द्र सारण के पकड़े जाने और निष्पक्ष जांच होने पर पेपर लीक मामले में कई बड़े खुलासे हो सकेंगे। भूपेन्द्र सारण जेल भी जा चुका है। वह 2011 में जीएनएम भर्ती पेपर आउट और 2022 में पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले में भी शामिल था।
चलती बस में पेपर की नकल
अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले पेपर दिलाने के मामले में उनके रिश्तेदारों और अभिभावकों के भी नाम सामने आ रहे हैं। कोचिंग संचालक सुरेश ढाका को भूपेन्द्र सारण ने ही वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा 2022 पेपर उपलब्ध करवाया था। इसके बाद सुरेश ढाका ने जालोर में अपने जीजा सुरेश विश्नोई को वाट्सऐप पर पेपर भेजा, जिसके बाद चलती बस में पेपर हल करवाया जा रहा था।
आरोपित दिनेश कुमार खींचड़ पेपर लीक मामले में वांटेड भूपेन्द्र सारण की साली का लड़का है। दिनेश 24 दिसम्बर को द्वितीय श्रेणी शिक्षक परीक्षा का पेपर देने उदयपुर गया था। इससे पहले वांटेड भूपेन्द्र ने दिनेश को प्रथम पारी का जीके का पेपर दिखाया और पढ़ाया था।
एक अभ्यर्थी का पिता भी शामिल
पुलिस ने लीक पेपर मामले में सांचौर निवासी सरोज के पिता सराकरी स्कूल में शिक्षक सुखराम विश्नोई और ड्राइवर ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया है। सुखराम विश्नोई ने सरगना सुरेश विश्नोई और भूपेन्द्र सारण से सम्पर्क करके बेटी को पेपर दिलवाने के सम्बन्ध में डील की थी। डील में सुरेश विश्नोई ने सुखराम विश्नोई को आश्वस्त किया था कि पेपर की व्यवस्था हो जाएगी। सुखराम विश्नोई खुद पत्नी के नाम से निजी स्कूल भी चलाता है।