RPSC Veterinary Officer Recruitment: राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा पशुपालन विभाग में पशु चिकित्सा अधिकारी-2025 के 1,100 पदों पर भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद से सवालों के घेरे में है। परिणाम के विश्लेषण में सामने आया कि सामान्य वर्ग को छोड़कर कई आरक्षित श्रेणियों में दस्तावेज सत्यापन के लिए विचारित अभ्यर्थियों की अंतिम कटऑफ शून्य से भी नीचे है।

Rajasthan Veterinary Officer Cut Off: जयपुर: राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पशु चिकित्सा अधिकारी-2025 भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी होते ही एक नया विवाद खड़ा हो गया है। पशुपालन विभाग में 1100 पदों पर निकाली गई इस भर्ती के नतीजे सामने आने के बाद से ही पूरी चयन प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई है। परिणाम के विश्लेषण से यह चौंकाने वाला सच सामने आया है कि सामान्य वर्ग को छोड़ दिया जाए, तो कई आरक्षित श्रेणियों में दस्तावेज सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) के लिए चुने गए अभ्यर्थियों की अंतिम कटऑफ शून्य (0) से भी नीचे यानी माइनस में चली गई है।
इस परिणाम के बाद सोशल मीडिया और बेरोजगार युवाओं के बीच यह बहस छिड़ गई है कि क्या माइनस नंबर लाने वाले भी सरकारी डॉक्टर बन जाएंगे? हालांकि, इसका तकनीकी पहलू थोड़ा अलग है। दरअसल, इस भर्ती में कुल 1100 पद हैं और नियम के मुताबिक दस्तावेज सत्यापन के लिए पदों की संख्या से दोगुने अभ्यर्थियों को बुलाया जाना जरूरी होता है।
आरपीएससी का कहना है कि इन विशेष आरक्षित श्रेणियों में रिक्त पदों की तुलना में उपलब्ध अभ्यर्थियों का अनुपात बेहद कम था। इसी वजह से सीटों को भरने और दोगुने अभ्यर्थियों को बुलाने की शर्त को पूरा करने के लिए माइनस अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को भी विचारित सूची (प्रोविजनल लिस्ट) में शामिल करना पड़ा है।
ऐसे में राहत की बात यह है कि यह कटऑफ फाइनल सिलेक्शन के लिए नहीं है, बल्कि केवल डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए है। जब सभी के दस्तावेजों की जांच हो जाएगी और अंतिम मेरिट लिस्ट तैयार होगी, तब यह कटऑफ ऊपर जाने की पूरी उम्मीद है।
अगर वर्गवार कटऑफ पर नजर डालें तो सबसे हैरान करने वाले आंकड़े अति पिछड़ा वर्ग (एमबीसी) के हैं, जहां सबसे कम -11.74 अंक पर अभ्यर्थी को विचारित सूची में जगह मिली है। इसके अलावा ईडब्ल्यूएस श्रेणी की कटऑफ -9.73, ओबीसी की -7.05, एससी की -5.03 और एसटी वर्ग की कटऑफ -3.02 अंक रही है। इसके ठीक विपरीत, सामान्य वर्ग की कटऑफ 64.77 अंक और सामान्य महिला वर्ग की कटऑफ 57.38 अंक रही है।
माइनस में कटऑफ जाने का यह मामला इसलिए भी गंभीर है। क्योंकि पिछले महीने ही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती में शून्य अंक वालों को नौकरी मिलने पर बड़ा विवाद हुआ था। उस मामले में माइनस अंक लाने वाले कुछ लोग नियुक्ति की मांग को लेकर कोर्ट पहुंच गए थे, जिस पर राजस्थान हाईकोर्ट ने कड़ी फटकार लगाई थी।
हाईकोर्ट ने साफ शब्दों में कहा था कि पद चाहे चतुर्थ श्रेणी (क्लास-4) का ही क्यों न हो, सरकारी सेवा में एक 'बेसिक स्टैंडर्ड' (न्यूनतम योग्यता का स्तर) होना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही कोर्ट ने राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड को न्यूनतम अंक निर्धारित करने के निर्देश भी दिए थे।
विचारित सूची में शामिल किए गए सभी अभ्यर्थियों को 23 जून से 29 जून तक ऑनलाइन आवेदन पत्र भरना होगा। इसके बाद पशुपालन विभाग द्वारा इन सभी के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा, जिसके बाद ही अंतिम निर्णय होगा।
| वर्ग (Category) | कटऑफ अंक (Marks) |
| सामान्य (General) | 64.77 |
| सामान्य महिला (General Female) | 57.38 |
| एमबीसी (MBC) | 11.74 |
| ईडब्ल्यूएस (EWS) | -9.73 |
| ओबीसी (OBC) | -7.05 |
| एससी (SC) | -5.03 |
| एसटी (ST) | -3.02 |