जयपुर

Elevated Road: जयपुर में यहां जल्द शुरू होगा एलिवेटेड रोड का काम, 4.5KM की दूरी सिर्फ 9 मिनट में होगी तय

Elevated Road In Jaipur: राजधानी जयपुर के सांगानेर क्षेत्र को यातायात जाम से राहत दिलाने वाला बहुप्रतीक्षित एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट अब जल्द ही धरातल पर शुरू होने जा रहा है।
2 min read
Feb 06, 2026
Elevated Road in Jaipur
Photo: AI generated

Sanganer Elevated Road: राजधानी जयपुर के सांगानेर क्षेत्र को यातायात जाम से राहत दिलाने वाला बहुप्रतीक्षित एलिवेटेड रोड का काम जल्द ही धरातल पर शुरू होने जा रहा है। जेडीए ने नई टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है और इसी महीने वर्कऑर्डर जारी करने की तैयारी है। ऐसे में माना जा रहा है कि होली के बाद सांगानेर एलिवेटेड रोड का कार्य शुरू हो जाएगा।

एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट के तहत सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले करीब 125 से अधिक मकान और दुकानों का डिमार्केशन कर उन्हें ध्वस्तीकरण के नोटिस दिए जाएंगे। यह कार्रवाई सांगासेतू पुलिया से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक के हिस्से में की जाएगी, जहां एलिवेटेड रोड का निर्माण प्रस्तावित है।

बता दें कि भजनलाल सरकार ने इस प्रोजेक्ट की घोषणा पिछले साल बजट में की थी। प्रस्तावित सांगानेर एलिवेटेड के लिए अभी टेंडर रेट पर अंतिम सहमति की प्रक्रिया चल रही है। जेडीए अधिकारियों की मानें तो औपचारिक मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

ट्रैफिक जाम से मिलेगी निजात

सांगा सेतु पुलिया, सलीम कागजी मार्ग और सांगानेर स्टेडियम मार्ग पर जाम रहता है। ऐसे में सांगानेर थाने से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक पहुंचने में वाहन चालकों को 30 मिनट लगते है। लेकिन, एलिवेटेड रोड बनने के बाद 4.5 किमी का सफर मात्र 9 मिनट में पूरा होगा। एलिवेटेड रोड बनने से ट्रैफिक का दबाव कम होगा। साथ ही रिंग रोड और मेगा हाईवे से कनेक्टिविटी बेहतर हो सकेगी।

4.5 किमी लंबा होगा फोरलेन एलिवेटेड रोड

सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक फोरलेन एलिवेटेड रोड बनेगा और 4.5 किलोमीटर लंबा होगा। दोनों दिशाओं में दो-दो लेन बनेगी। पेट्रोल पंप तिराहे पर दो भागों में विभाजित होगा। एक हिस्सा मालपुरा गेट की ओर और दूसरा न्यू सांगानेर रोड रेलवे ओवरब्रिज की ओर निकलेगा। गोपालपुरा फ्लाईओवर से वाहन चालक दोनों ओर जा सकेंगे। मालपुरा गेट से फ्लाईओवर की ओर जाने की सुविधा नहीं होगी।

240 करोड़ रुपए होंगे खर्च

पिछले बजट में सांगानेर क्षेत्र में एलिवेटेड रोड निर्माण की घोषणा की थी। पहले इसकी लागत 170 करोड़ रुपए आंकी गई थी, लेकिन मालपुरा गेट तक विस्तार के बाद लागत बढ़ गई। ऐसे में इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर करीब 240 करोड़ रुपए खर्च होंगे। जेडीए ने निर्माण पूरा करने की समयसीमा 30 महीने तय की है।

Updated on:
06 Feb 2026 03:57 pm
Published on:
06 Feb 2026 10:06 am