जयपुर

सवाईमाधोपुर लूटकांड खुलासा: वारदात से पहले तीन दिन तक रैकी, फिर घर जाते ज्वैलर को बनाया निशाना; 5 आरोपी गिरफ्तार

Sawai Madhopur Jeweller Robbery: सवाईमाधोपुर में ज्वैलर से 26 ग्राम सोना और 1.30 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया। तीन दिन तक रेकी करने वाले पांच आरोपियों को जयपुर से गिरफ्तार कर स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की गई।
2 min read
Jul 27, 2026
Sawai Madhopur Jeweller Robbery
AI Generated Image

बजरिया के पॉश इलाके इन्द्रा कॉलोनी में ज्वैलर दिनेश गोयल के साथ हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मानटाउन थाना पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बताया कि आरोपियों ने लूट से पहले ज्वैलर की दो-तीन दिन तक रेकी की थी और उसके बाद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

घर लौटते समय बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई की रात करीब 7:45 बजे ज्वैलर दिनेश गोयल अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मानटाउन बालिका स्कूल के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे चार बदमाशों ने उन्हें रोककर बाइक से गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया और गले से सोने की चेन तोड़ने का भी प्रयास किया। बैग में करीब 26 ग्राम सोना और लगभग 1.30 लाख रुपए नकद रखे हुए थे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी।

100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह मीणा के निर्देशन में वृताधिकारी राजेन्द्र मीणा और मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर बदमाशों के भागने का रूट और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो की पहचान की गई। तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के बाद दिलखुश मीणा और अशोक मीणा के नाम सामने आए।

जयपुर से पांच आरोपी गिरफ्तार

सायबर सेल के उप निरीक्षक अजीत मोगा को मिली मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम जयपुर पहुंची। जगतपुरा स्थित अक्षय पात्र चौराहे के पास कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष सैन, रवि मीणा, दिलखुश मीणा, अशोक मीणा और प्रशांत कावटंया के रूप में हुई है। प्रशांत वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो का मालिक बताया जा रहा है।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने वारदात से पहले लगातार दो से तीन दिन तक ज्वैलर की गतिविधियों पर नजर रखी थी। दुकान बंद करने का समय, घर जाने का रास्ता और दिनचर्या की पूरी जानकारी जुटाने के बाद उन्होंने लूट की योजना बनाई। सभी आरोपी 20 से 25 वर्ष की आयु के हैं और जयपुर में कमरा लेकर पढ़ाई कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि विभिन्न टीमों के आपसी समन्वय, तकनीकी जांच और त्वरित कार्रवाई के चलते इस सनसनीखेज लूटकांड का जल्द खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया।

Updated on:
27 Jul 2026 02:48 pm
Published on:
27 Jul 2026 02:40 pm