
राजस्थान के पांचना बांध को उड़ाने की साजिश के तहत चोरी की गई थी तोप। फोटो: पत्रिका
जयपुर। मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक नरवर किले से 400 साल पुरानी तोप चोरी मामले में हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है। मध्य प्रदेश और राजस्थान पुलिस ने करौली जिले के गांवडा मीणा गांव से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उस पिकअप को भी जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर शिवपुरी जिले से 3.5 टन वजनी तोप को चुराकर ले जाने के लिए किया गया था। हालांकि, चोरी हुई करीब 400 साल पुरानी तोप की बरामदगी अभी बाकी है।
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि गुर्जर समाज से पांचना बांध को लेकर विवाद चल रहा है। गुर्जर समाज पर दबदबा कायम करने और जरूरत पड़ने पर बांध को तोप से उड़ाने की साजिश के तहत तोप चुराई गई थी। बता दें कि पुरातत्व विभाग के चौकीदार रमेश कोली ने 16 जुलाई को नरवर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 जुलाई को किले के कचहरी महल में सुरक्षित रखीं 14 तोपों में से एक तोप गायब है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर गांवडा मीणा गांव तक सुराग ढूंढ़ा। तोप की तलाश के लिए पिछले बुधवार को मध्य प्रदेश व राजस्थान की पुलिस टीम ने गांवडा मीणा गांव के जंगल में तीन स्थानों पर खुदाई की थी। नरवर थाना पुलिस व स्थानीय पुलिस की ओर से सुझाए संदिग्ध स्थानों की जांच के लिए भरतपुर पुलिस महानिरीक्षक रेंज ऑफिस से मेटल डिटेक्टर टीम भी बुलाई गई थी। इसके बाद पुलिस ने शनिवार को पालनपुर निवासी अमन कुमार और गांवडा मीणा निवासी टिम्मूराम को गिरफ्तार किया।
गांवडा मीणा गांव के लोगों की एकजुटता और वहां चल रहे धरना-प्रदर्शन के चलते पुलिस को आगे की कार्रवाई में अड़चन आ रही है। पुलिस का अनुमान है कि आरोपियों ने तोप को गांव में ही कहीं छिपा रखा है। थाना प्रभारी विनय यादव के अनुसार अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। तोप को भी जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा।
शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र स्थित 16वीं शताब्दी में निर्मित किले से लगभग 400 साल पुरानी अष्टधातु की 3.5 टन वजनी ऐतिहासिक तोप चोरी हो गई थी। चोरों ने पहले 5 जुलाई को तोप को उसकी जगह से हटाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे थे। बाद में बदमाश 15 जुलाई की रात वाहन में लादकर तोप को चुराकर ले गए थे। इस मामले में ग्वालियर आइजी ने आरोपियों पर 30 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था।
Updated on:
27 Jul 2026 01:01 pm
Published on:
27 Jul 2026 01:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
