राजधानी जयपुर के शिप्रापथ इलाके से दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां पानी के टैंक में डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई। दोनों मासूमों का आस-पास ही घर था, खेलने के दौरान हादसा हो गया।
जयपुर। शिप्रापथ इलाके में एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। जगन्नाथपुरी सेकेंड क्षेत्र में खेलते-खेलते दो मासूम बच्चियां पास ही निर्माणाधीन मकान में बने पानी के टैंक में गिर गईं, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां शाम करीब सवा 7 बजे घर से खेलने के लिए निकली थीं। रोजाना की तरह वे घर के आसपास ही खेल रही थीं, लेकिन 15 से 20 मिनट बीत जाने के बाद भी जब वे वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने बच्चियों की तलाश शुरू कर दी।
तलाश के दौरान पास में बन रहे एक मकान के टैंक के पास बच्चियों की चप्पलें पड़ी मिलीं। इस पर संदेह होने पर परिजनों ने टैंक में झांककर देखा तो दोनों बच्चियां पानी में तैरती हुई नजर आईं। यह दृश्य देख मौके पर हड़कंप मच गया। तुरंत दोनों को बाहर निकालकर जयपुरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि टैंक करीब 8 फीट गहरा था, जिसमें लगभग 6 फीट तक पानी भरा हुआ था। घटना स्थल पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं थी, जिससे समय रहते किसी का ध्यान उस ओर नहीं गया।
पुलिस के अनुसार, इस हादसे में बिहार निवासी राधिका (5) और उत्तर प्रदेश निवासी गोसिया (5) की जान गई है। दोनों परिवार पिछले कुछ वर्षों से जयपुर में किराए के मकान में रह रहे थे और एक-दूसरे के पड़ोसी थे। राधिका के पिता पप्पू कुमार मजदूरी कर परिवार चलाते हैं, जबकि गोसिया के पिता जाकिर विकलांग हैं और रिक्शे पर मोबाइल एसेसरीज बेचकर गुजारा करते हैं।
यह भी सामने आया है कि दोनों बच्चियां दिन में भी टैंक के आसपास खेलती देखी गई थीं। शाम को फिर से वहां खेलने गईं और यह हादसा हो गया। इस हादसे के बाद लोगों ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की बात कही है।