Jaipur News: जयपुर में शिवपुराण कथा के दूसरे दिन प्रदीप मिश्रा ने कर्म और भक्ति का संदेश दिया। कथा में भारी भीड़ उमड़ी, वहीं सुरक्षा के लिए AI कैमरों का इस्तेमाल किया गया।
Jaipur News: सात दिवसीय शिवपुराण कथा के दूसरे दिन प्रदीप मिश्रा ने भक्तों को कर्म का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि शिव पुराण की कथा कहती है जैसा हम कर्म करते हैं, वैसा ही हमें फल मिलता है। “मत बुरे करम कर बंदे वरना पछताएगा, भगवान की आंखों से तू बच नहीं पाएगा। अरे वो अज्ञानी मत कर नादानी, तेरे करम का फल तू ही पाएगा, जैसा किया तूने वैसा तेरे आगे आएगा।” इन पंक्तियों के माध्यम से उन्होंने भक्तों को कर्म के सिद्धांत को सरल और प्रभावी ढंग से समझाया।
मिश्रा ने कहा कि जब हम इस संसार में जन्म लेते हैं, तो हमें कुछ अच्छा करके जाना चाहिए। मानव जीवन को व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए। शिव महापुराण यह नहीं कहती कि घर छोड़ दो, बल्कि यह सिखाती है कि संसार में रहकर ही इस शरीर का सदुपयोग करना चाहिए। उन्होंने एक पत्र का उल्लेख करते हुए बताया कि रेवाड़ी के एक गरीब परिवार ने अपने बेटे को कठिन परिस्थितियों में पढ़ाया। उस युवक ने दो महीने तक कथा सुनी और पशुपतिनाथ का व्रत किया। आज वह फरीदाबाद में एसडीओ के पद पर कार्यरत है।
कथा के दौरान “भोले मैं तेरी पतंग” भजन गाकर मिश्रा ने भक्तों में विश्वास और भक्ति का भाव जगाया। आपको बता दें, कथा स्थल पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। उन्होंने कहा कि शिव की भक्ति मनुष्य को संसार के झंझटों से मुक्त कर देती है। जहां लोग घंटों तपस्या करते हैं, वहीं कलियुग में एक लोटा जल और “श्री शिवाय नमस्तुभ्यम” मंत्र भी जीवन की समस्याओं का समाधान दे सकता है।
उन्होंने भीलवाड़ा में 9 से 15 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाली शिव महापुराण कथा की जानकारी भी दी, जो आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड में होगी।
कथा स्थल पर पहली बार सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। यहां 5 AI कैमरे लगाए गए हैं, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग की मदद से भीड़ में संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर तुरंत कंट्रोल रूम तक सूचना भेजते हैं। पुलिस कमिश्नर जयपुर दक्षिण राजर्षि राज के अनुसार, पहले ही दिन सक्रिय चेन स्नैचिंग और मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ा गया। इस कार्रवाई में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 11 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं।