
जयपुर। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने उत्तरखंड से 50 हजार के इनामी वांटेड विनोद रेवाड की निशानदेही पर एसआइ भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एटीएस-एसओजी के एडीजी वी.के. सिंह ने बताया कि डीग के कामां स्थित पवन कुंज निवासी रिंकू यादव को गिरफ्तार किया।
आरोपी रिंकू ने परीक्षा से पहले विनोद रेवाड से एसआइ भर्ती परीक्षा 2021 का सॉल्वड पेपर 8 लाख रुपए में खरीदा था। आरोपी रिंकू ने प्रकरण में पहले गिरफ्तार हो चुके कार्तिकेय शर्मा के साथ मिलकर आरोपी विनोद रेवाड उर्फ विनोद जाट से पेपर लेने का सौदा किया था।
14 सितम्बर 2021 को आयोजित परीक्षा का पेपर कार्तिकेय शर्मा के वाट्सएप के जरिए प्राप्त किया। आरोपी रिंकू के हिंदी विषय में 126.1 व सामान्य ज्ञान विषय में 160.65 अंक आए। लेकिन अंतिम चयन सूची में उसका नंबर नहीं आया।
आरोपी विनोद रेवाड से परीक्षा से पहले पेपर लेकर थानेदार बने खींवसर के नारवांकला स्थित हनुमान नगर निवासी अशोक सिंह राजपुरोहित को दो दिन पहले गिरफ्तार किया था। मामले में अब तक 55 थानेदारों सहित 125 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका।