
जयपुर। एसआइ भर्ती परीक्षा-2021 के पेपरलीक मामले में एसओजी ने अजमेर पुलिस लाइन में तैनात एसआइ अशोक सिंह राजपुरोहित (30) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी उत्तराखंड से पकड़े गए 50 हजार रुपए के इनामी आरोपी विनोद रेवाड़ की निशानदेही पर की गई।
एटीएस-एसओजी के एडीजी वी.के. सिंह ने बताया कि, नागौर जिले के खींवसर के नारवांकला स्थित हनुमान नगर निवासी अशोक सिंह ने परीक्षा से पहले विनोद रेवाड़ से सॉल्वड पेपर आठ लाख रुपए में खरीदा था। आरोपी विनोद ने यह पेपर वाट्सऐप पर अशोक को भेजा था। पेपर पढ़कर अशोक ने 310.39 अंक हासिल किए और उसकी मेरिट सूची में 396वां स्थान आया।
सूत्रों के अनुसार, आरपीए में प्रशिक्षण के दौरान भी अशोक पर किसी को संदेह नहीं हुआ। वह इस समय अजमेर पुलिस लाइन में तैनात था। जांच में जब विनोद से पूछताछ हुई तो अशोक का नाम सामने आया। इसके बाद अनुसंधान अधिकारी ने पुख्ता सबूत जुटाकर अशोक को गिरफ्तार किया।
एसओजी की जांच में विनोद रेवाड़ से कुछ अन्य थानेदारों के नाम भी सामने आए हैं। इनकी भूमिका की जांच की जा रही है। अब तक एसओजी इस मामले में 55 थानेदारों सहित 124 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।