जयपुर

SOG को मिली कामयाबी- दिल्ली से दबोचा नकल गिरोह का सरगना, इस तरह शातिर तरीके से कराते थे नकल, जल्द कसेगा और लोगों पर शिंकजा

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

2 min read
Jul 19, 2018
Feature image

जयपुर
प्रतियोगी परीक्षाओं में असल अभ्यर्थी की जगह एक्सपर्ट को बिठाकर पास करवाने वाले गिरोह के सरगना को एसओजी ने मंगलवार रात दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा, यूपी समेत कई राज्यों की परीक्षा में धांधली कर चुका है। एसओजी ने बुधवार को उसे अदालत में पेश कर 20 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर लिया है। एसओजी के एसपी संजय श्रोत्रीय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विनय कुमार सिंह बिहार के पटना और हाल दिल्ली के मुनीर का निवासी है। वह दिल्ली में किसी महिला के साथ लिवइन में रहता है।

असल परीक्षार्थी की जगह एक्सपर्ट
आरोपी के कमरे से एसओजी को एक डायरी, कई अभ्यर्थियों के आधार कार्ड, पेन कार्ड व आईडी प्रूफ मिले हैं। यह गिरोह राजस्थान, दिल्ली, यूपी व हरियाणा में अब तक दर्जनभर परीक्षाओं में असल परीक्षार्थी की जगह एक्सपर्ट बिठाकर गड़बड़ी कर चुका है।

चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार
एसओजी के संजय श्रोत्रिय ने बताया कि एसएससी व कांस्टेबल भर्ती में असल परीक्षार्थी की जगह परीक्षा देने आए बिहार निवासी तीनों युवक अवनीश, विनय व अजीत और इनकी व्यवस्था करने में लगे अलवर निवासी चेतराम मीणा को 16 जुलाई को नारायणसिंह सर्किल से गिरफ्तार किया गया था। इन चारों को विनय सिंह ने भेजा था।

बिहार से लाता है एक्सपर्ट छात्रों को
विनय के संबंध पूर्व में गिरफ्तार आरोपी अभयराज से भी निकले है। अभयराज परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह से जुड़ा हुआ है। वो फिलहाल एसओजी की गिरफ्त में है। पूछताछ में सामने आया कि विनय बिहार से परीक्षा में एक्सपर्ट छात्रों को हायर कर दिल्ली लाता है, उसके बाद वह दलालों के माध्यम से अभ्यर्थियों से संपर्क कर परीक्षा पास करवाने का ठेका लेता था।

जल्द ही और लोगों पर शिंकजा

इस गिरोह ने अब तक चार-पांच राज्यों में एक दर्जन से अधिक परीक्षाओं में गड़बड़ कर चुका है। एसओजी का दावा है कि विनय की निशानदेही पर एसओजी जल्द ही और लोगों पर शिंकजा कसेगी।

Published on:
19 Jul 2018 03:31 am