जयपुर

Spice Fair: जयपुर में सजेगा 17 से 26 अप्रैल तक मसालों का महाकुंभ, मिलेगा देशभर के शुद्ध मसालों का स्वाद

10 दिन चलेगा मेला। देशभर के शुद्ध मसाले और उत्पाद एक ही छत के नीचे। खरीददारी के साथ मिलेगा संस्कृति और मनोरंजन का संगम।
less than 1 minute read
Apr 12, 2026
Feature image

राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला-2026: जयपुर में फिर सजेगा स्वाद और परंपरा का संगम।

Indian Spices: जयपुर. राजधानी जयपुर में एक बार फिर स्वाद, परंपरा और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। सहकारिता विभाग और राजस्थान राज्य सहकारी उपभोक्ता संघ (कॉनफेड) के संयुक्त तत्वावधान में ‘राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला-2026’ का आयोजन 17 से 26 अप्रैल तक जवाहर कला केन्द्र में किया जाएगा। सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक ने बताया कि इस मेले में राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों की सहकारी संस्थाएं अपने गुणवत्तापूर्ण उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय करेंगी।

150 स्टॉल्स पर देशभर के मसालों और उत्पादों की बहार

इस बार मेले में करीब 150 स्टॉल्स लगाए जाएंगे, जहां उपभोक्ताओं को शुद्ध मसाले, ऑर्गेनिक उत्पाद, श्री अन्न, जीआई टैग उत्पाद, तेल, अनाज और हस्तनिर्मित वस्तुएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। केरल की काली मिर्च, कश्मीर की केसर, गुंटूर की लाल मिर्च, इरोड की हल्दी, नागौर का जीरा, रामगंजमंडी का धनिया, जालोर की ईसबगोल और बीकानेर के पापड़ जैसे उत्पाद मेले के प्रमुख आकर्षण रहेंगे। यह मेला सहकारी संस्थाओं, महिला समूहों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और बिक्री का सशक्त मंच प्रदान करता है।

खरीददारी के साथ मनोरंजन और विशेष सुविधाएं

मेले में आने वाले आगंतुकों के लिए कई विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। मोबाइल चक्की के जरिए मौके पर ही मसाले पीसने की सुविधा मुफ्त में दी जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को ताजे मसाले मिल सकेंगे। इसके अलावा, प्रतिदिन लक्की ड्रॉ और समापन पर बम्पर ड्रॉ का आयोजन होगा। सांस्कृतिक रंगत बढ़ाने के लिए हर दिन अलग-अलग संभागों के लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

यह मेला न केवल खरीददारी का अवसर है, बल्कि राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत और सहकारिता की ताकत को करीब से देखने का भी बेहतरीन मंच साबित होगा।

Updated on:
12 Apr 2026 10:58 am
Published on:
12 Apr 2026 10:56 am