जयपुर

श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में नया खुलासा, महकदीप कौर का पाकिस्तानी हैंडलर शाह से था प्रेम प्रसंग

Sri Ganganagar Railway Track Blast: रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। पुलिस पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल में साजिश से जुड़े नए खुलासे हुए हैं।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 9:51 AM IST
Sri Ganganagar Railway Track Blast
आरोपियों को अनूपगढ़ न्यायालय में ले जाते पुलिसकर्मी। फोटो: पत्रिका

श्रीगंगानगर। रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। पुलिस पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल में साजिश से जुड़े नए खुलासे हुए हैं। पूछताछ में महकदीप कौर के पाकिस्तानी हैंडलर शाह से प्रेम प्रसंग की बात भी सामने आई है। जांच के अनुसार, वह शाह के लगातार संपर्क में थी और उसके निर्देशों पर काम करने की आशंका है। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन, व्हाट्सऐप चैट और सोशल मीडिया संपर्कों की जांच कर रही है, ताकि साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।

उधर, मामले में गिरफ्तार महकदीप कौर, देवेंद्र सिंह और पंजाब के गुरदासपुर निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ प्रिंस की रिमांड अवधि पूरी होने पर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने तीनों को 10 दिसंबर तक न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। मामले की संवेदनशीलता और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को देखते हुए न्यायालय परिसर में पुलिस का कड़ा पहरा रहा।

रामसिंहपुर थाना प्रभारी पुलिस जाप्ते के साथ दोनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच न्यायालय लेकर पहुंचे। पेशी के दौरान न्यायालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात रहा। सीओ सिटी नितिन चौधरी ने बताया कि पाकिस्तानी हैंडलरों के इशारे पर काम करने वाले लोगों की गतिविधियों की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) करेगी। इससे साजिश के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।

प्रिंस ने की रेकी, महकदीप ने प्लांट की थी आइईडी

जांच में सामने आया कि आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ प्रिंस ब्लास्ट से पहले रामसिंहपुर क्षेत्र में रेकी करने आया था। उसने व्हाट्सऐप के जरिए लोकेशन साझा की थी। तकनीकी साक्ष्यों के अनुसार, वह पाकिस्तानी हँडलर शाह के संपर्क में था। पुलिस के मुताबिक, प्रिंस की रेकी के बाद महकदीप कौर ने रेलवे ट्रैक पर आईईडी प्लांट की थी। प्रिंस गुरदासपुर में फायरिंग की घटना से जुड़े हत्या के प्रयास के एक मामले में पहले से न्यायिक अभिरक्षा में था।

महक दीप और देवेंद्र से पूछताछ जारी

गौरतलब है कि 3 नवंबर को रामसिंहपुर थाना क्षेत्र के 50 जीबी इलाके में रेलवे ट्रैक के स्लीपर पर विस्फोट की घटना हुई थी। रेलवे ट्रैक जैसे संवेदनशील स्थान पर विस्फोट की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गई थीं। इसके बाद आईपीएस नितिन चौधरी के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जानकारियों और अन्य महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 13 नवंबर को पंजाब के गुरदासपुर जिले से महक दीप और देवेंद्र को गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तारी के बाद दोनों से गहन पूछताछ की गई। पुलिस पूछताछ में सामने आए तथ्यों के अनुसार दोनों आरोपियों के संपर्क पाकिस्तान स्थित शाह और वहां सक्रिय हैंडलरों से जुड़े होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का सीमा पार बैठे लोगों से किस प्रकार संपर्क था, उन्हें किस तरह के निर्देश दिए जा रहे थे और इस पूरी गतिविधि में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। जांच एजेंसियां विस्फोट के पीछे की साजिश और संभावित नेटवर्क की अन्य कड़ियों को खंगाल रही हैं।