जयपुर

Storm Warning: राजस्थान में मौसम का डबल अटैक, अचानक बदले मौसम से राजस्थान सतर्क, प्रशासन ने संभाली कमान

IMD alert: राजस्थान में मौसम का कहर: आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट। 7 अप्रैल को सबसे ज्यादा असर, कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, प्रदेश में फिर बिगड़ेगा मौसम का मिजाज।
2 min read
Apr 04, 2026
Feature image

Hailstorm: जयपुर. प्रदेश में अचानक हुए मौसम परिवर्तन के चलते राज्य प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की घटनाओं को देखते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव (आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा) भास्कर आत्माराम सावंत ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र का दौरा कर हालात की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वे स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखें और किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति क्षति की सूचना तत्काल उपलब्ध कराएं।

अतिरिक्त मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि प्रभावित नागरिकों को त्वरित राहत प्रदान करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील और जोखिम वाले क्षेत्रों में पहले से तैयारी रखी जाए तथा अर्ली वार्निंग सिस्टम का प्रभावी उपयोग किया जाए, ताकि संभावित नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न जिलों में मौसम का व्यापक असर देखने को मिला है। ब्यावर, नागौर और श्रीगंगानगर में मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि जयपुर, अजमेर, बीकानेर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, जोधपुर, बालोतरा और जालौर सहित कई जिलों में हल्की वर्षा हुई। कई स्थानों पर तेज आंधी और ओलावृष्टि की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।

राजस्थान में मौसम का डबल अटैक: आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, 7 अप्रैल को सबसे ज्यादा असर

राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के ऊपर सक्रिय परिसंचरण तंत्र के चलते 4 अप्रैल को कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

वहीं, जोधपुर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना रह सकता है। लेकिन 6 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण जोधपुर और बीकानेर संभाग सहित राज्य के कई हिस्सों में फिर से मौसम बिगड़ सकता है और आंधी-बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 7 अप्रैल को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इस दिन जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

हालांकि 8 अप्रैल को उत्तरी और पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मौसम शांत होने की संभावना है, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा।

Updated on:
04 Apr 2026 12:06 pm
Published on:
04 Apr 2026 12:05 pm