जयपुर

VIDEO: महंगाई की ‘आग’ में ‘घी’ का काम, पेट्रोल-डीज़ल के बाद अब रसोई गैस दामों में 59 रुपए की बढ़ोतरी

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
• •
Updated: 1 Oct 2018, 10:47 AM IST
lpg price hike

जयपुर।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि के मद्देनजर देश की अग्रणी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल (Indian Oil) ने सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर (Subsidised LPG cylinder) में 2.89 रुपए और गैर सब्सिडी वाले सिलेंडर (Non Subsidised LPG Cylinder) में 59 रुपए बढोतरी की है। कंपनी के अनुसार नई दरें रविवार मध्य रात्रि से लागू हो गईं हैं।

यह लगातार पांचवा महीना है जब दोनों श्रेणी के गैस सिलेंडर के दाम बढाए गए हैं। दिल्ली में सब्सिडी वाला सिलेंडर अब 502.40 रुपए का मिलेगा। पिछले पांच महीने में इसके दाम 11.19 रुपए बढ़ चुके हैं। सरकार उपभोक्ता को एक वित्तीय वर्ष में 12 सिलेंडर सब्सिडी दर पर उपलब्ध कराती है। इससे अधिक लेने पर बाजार कीमत चुकानी पड़ती है। गैर सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर अब 879 रुपए का मिलेगा। पांच माह में इसके दाम 228.50 रुपए तक बढ़ चुके हैं।


जयपुर में भी बढे रसोई गैस के दाम
दरों में बदलाव के बाद जयपुर में घरेलू गैस सिलेंडर 59 रुपए बढ़कर अब 810 के बजाय लगभग 869 रुपए में मिलेगा। इसी प्रकार 19 किलो का कॉमर्शियल सिलेंडर भी 93 रुपए बढ़कर 1431.50 के स्थान पर लगभग 1525 रुपए का हो जाएगा।

इधर, जारी है पेट्रोल-डीजल दाम बढऩे का सिलसिला
पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी का सिलसिला लगातार जारी है। देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को पेट्रोल का भाव नौ पैसे प्रति लीटर उछला तो डीजल ने 16 पैसे प्रति लीटर की छलांग लगाई। चेन्नई में डीजल की कीमत 79 रुपए प्रति लीटर से ज्यादा हो गई है।

दिल्ली, कोलकाता और मुंबई और चेन्नई में रविवार को पेट्रोल का दाम नौ पैसे बढ़कर क्रमश: 83.49 रुपए, 85.30 रुपए, 90.84 रुपए प्रति लीटर हो गया। वहीं, चेन्नई में पेट्रोल पैसे बढ़कर 86.80 रुपए प्रति लीटर हो गया।

देश की राजधानी दिल्ली और कोलकाता में शनिवार को डीजल का भाव 16 पैसे प्रति लीटर बढ़ा, जबकि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और चेन्नई में डीजल के दाम में 17 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ। दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में डीजल क्रमश: 74.79 रुपए, 76.64 रुपए, 79.40 रुपए और 79.08 रुपए प्रति लीटर बिकने लगा है।

Published on: