जयपुर

Petrol-Diesel: पेट्रोल पंपों पर अचानक बढ़ती भीड़ के बीच राजस्थान सरकार का बड़ा दावा, जनता को दी राहत भरी खबर

Petrol-Diesel Update News: राजस्थान में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती मांग के बीच सरकार ने आमजन से घबराकर खरीदारी नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि राज्यभर में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है।
2 min read
May 20, 2026
Petrol-Diesel Update News
पेट्रोल पंप पर भीड़। फोटो- पत्रिका

जयपुर। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां राजस्थान सहित देशभर में पेट्रोल और डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कर रही हैं। राज्य में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और उपभोक्ताओं की वास्तविक मांग को पूरा करने के लिए आपूर्ति श्रृंखला को लगातार मजबूत बनाए रखा गया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आमजन को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

यह वीडियो भी देखें

डीजल की कीमत 94 रुपए प्रति लीटर

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के सचिव अम्बरीष कुमार ने कहा कि सरकारी तेल विपणन कंपनियों के खुदरा आउटलेट्स पर डीजल की कीमत 94 रुपए प्रति लीटर है, जबकि निजी क्षेत्र की कंपनी नायरा के आउटलेट्स पर इसकी कीमत करीब 97 रुपए प्रति लीटर है।

इसी मूल्य अंतर के कारण सार्वजनिक क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं की मांग अधिक देखी जा रही है। उन्होंने बताया कि संस्थागत डीजल की कीमत करीब 160 रुपए प्रति लीटर होने के कारण कई उद्योग और थोक उपभोक्ता भी खुदरा पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिससे कुछ स्थानों पर अतिरिक्त दबाव की स्थिति बनी है। हालांकि कंपनियों की ओर से खुदरा उपभोक्ताओं की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है।

ईंधन की मांग और बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि

तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रदेश में ईंधन की मांग और बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले वर्ष की तुलना में इंडियन ऑयल की पेट्रोल बिक्री में 28 प्रतिशत और डीजल बिक्री में 43 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि अन्य राज्यों में यह वृद्धि क्रमशः 20.2 प्रतिशत और 20.8 प्रतिशत रही। इसी प्रकार एचपीसीएल की राजस्थान में पेट्रोल बिक्री 13.7 प्रतिशत और डीजल बिक्री 16.8 प्रतिशत बढ़ी है। बीपीसीएल की पेट्रोल बिक्री में 24 प्रतिशत तथा डीजल बिक्री में 30 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

कंपनी प्रतिनिधियों ने कहा कि बढ़ती मांग के बावजूद पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू बनी हुई है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सचिव ने कहा कि उपभोक्ता सामान्य खरीदारी व्यवहार बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या आशंका के चलते अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण या घबराहट में खरीदारी न करें। उन्होंने कहा कि राज्यभर में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है तथा आमजन को नियमित रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जाता रहेगा।

Updated on:
20 May 2026 04:43 pm
Published on:
20 May 2026 04:43 pm