देशभर में आज 6000 से अधिक कार्यक्रम हुए। इसका उद्देश्य लोगों में फिटनेस को बढ़ावा देना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना और पर्यावरण संरक्षण को प्रोमोट करना है।
जयपुर. देश सहित प्रदेशभर में 'संडेज ऑन साईकिल अभियान' भारत सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आज शुरू किया गया। देशभर में आज 6000 से अधिक कार्यक्रम हुए। इसका उद्देश्य लोगों में फिटनेस को बढ़ावा देना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना और पर्यावरण संरक्षण को प्रोमोट करना है। प्रदेश में राजस्थान पुलिस ने स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए अभियान की शुरुआत की है। पुलिस कर्मियों के साथ ही आम नागरिकों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके साथ ही अन्य विभागों ने भी अपने स्तर पर कार्यक्रम किए। साइकिलिंग के साथ-साथ योग, ज़ुबा और रोप स्कीपिंग जैसी गतिविधियां शामिल हुई। प्रदेश में सभी जिलों में कार्यक्रम हुए।
यहां हुए कार्यक्रम
जयपुर में पुलिस दूरसंचार लाइन घाटगेट सहित कई जगहों पर आयोजन हुए। जयपुर ग्रामीण पुलिस की ओर से पुृलिस लाइन से रवाना होकर एयरफोर्स स्कूल, गुर्जर घाटी, जलमहल ट्रैक होते हुए वापस पुलिस लाइन तक साइकिल रैली निकाली गई। दौसा में आज सुबह 'संडे ऑन साइकिल' अभियान शुरू हुआ। सुबह ६ बजे से पुलिस परेड ग्राउड पर योग सत्र हुआ। जुम्बा और रोप स्किपिंग और साइकिल रैली का आयोजन किया गया। साइकिल रैली पुलिस लाइन पर समाप्त हुई। इसमें जिला पुलिस के अधिकारी, थानाधिकारी, पुलिसकर्मी, सीएलजी सदस्य, ग्राम रक्षक, पुलिस मित्र, और स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
भरतपुर पुलिस की ओर से "फिट इंडिया मिशन" के तहत पुलिस परेड ग्राउंड पर योगाभ्यास का कार्यक्रम आयोजित किया गया। अलवर में संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस लाइन में योग से शुरू हुई। जिला पुलिस टोंक व नवी बटालियन आरएसी टोंक की ओर से अंबेडकर खेल मैदान में योगासन व् साइकलिंग सहित कई कार्यक्रम हुए। बालोतरा में पुलिस संग फिटनेस और विश्वास की सवारी के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में योगा का कार्यक्रम हुआ, इसके बाद साइकिल रैली निकाली गई। कोटपूतली बहरोड़ सहित प्रदेशभर में कार्यक्रम हुए।