राजस्थान में शिक्षाकर्मियों को राहत, चुनाव कार्य में लगे कर्मचारियों के तबादले पर रोक। निर्वाचन कार्य को प्राथमिकता: शिक्षा विभाग ने जारी किया नया निर्देश।
Rajasthan Education Department: बीकानेर/जयपुर. माध्यमिक शिक्षा निदेशालय राजस्थान, बीकानेर ने चुनाव संबंधी कार्यों में लगे कार्मिकों को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। जारी कार्यालय आदेश के अनुसार 13 जनवरी 2026 को जारी पूर्व आदेश को तत्काल प्रभाव से प्रत्याहृत कर दिया गया है। यह आदेश गहन मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के अंतर्गत विभिन्न दायित्व निभा रहे कार्मिकों के संबंध में जारी किया गया है।
निदेशालय द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि जिन कार्मिकों को चुनाव या जनगणना से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है, उन्हें बिना जिला निर्वाचन अधिकारी या सक्षम अधिकारी की अनुमति के कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कार्मिकों को चुनाव संबंधी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।शिक्षा विभाग ने संबंधित नियंत्रण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें और जिन कर्मचारियों को निर्वाचन कार्य सौंपा गया है, उनकी कार्यव्यवस्था उसी अनुसार बनाए रखें।
यह आदेश माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट की ओर से जारी किया गया है।
इस निर्णय से निर्वाचन कार्य में लगे शिक्षाकर्मियों की ड्यूटी को लेकर स्पष्टता आई है और चुनावी कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी।