जयपुर

Rajasthan Airport Projects: जोधपुर में नया टर्मिनल तैयार, उदयपुर और बूंदी-कोटा एयरपोर्ट प्रोजेक्ट ने भी पकड़ी रफ्तार

Rajasthan Airport Development: राजस्थान की हवाई कनेक्टिविटी अब नए दौर में प्रवेश करने जा रही है। प्रदेश में एक साथ तीन एयरपोर्ट प्रोजेक्ट अलग-अलग पड़ाव पर पहुंच चुके हैं।
2 min read
Jul 03, 2026
Rajasthan Airport Projects
राजस्थान एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स। Photo: AI

जयपुर। राजस्थान की हवाई कनेक्टिविटी अब नए दौर में प्रवेश करने जा रही है। प्रदेश में एक साथ तीन एयरपोर्ट प्रोजेक्ट अलग-अलग पड़ाव पर पहुंच चुके हैं। जोधपुर में नया अत्याधुनिक टर्मिनल यात्रियों के स्वागत के लिए तैयार है और 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका लोकार्पण कर सकते हैं। इसकी तैयारियां चल रही हैं।

वहीं उदयपुर एयरपोर्ट का नया इंटीग्रेटेड टर्मिनल भवन बनाने का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। जबकि 1,507 करोड़ रुपए की लागत वाला बूंदी-कोटा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट भी तेजी से आकार लेने लगा है। इन तीनों परियोजनाओं के पूरा होने से राजस्थान की हवाई कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी, साथ ही पर्यटन, उद्योग, निवेश और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

जोधपुर एयरपोर्ट की बदली सूरत। फोटो: पत्रिका

नवंबर 2027 तक तैयार होगा कोटा एयरपोर्ट

बूंदी-कोटा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण की फाइनल स्वीकृति अगस्त, 2025 में मिली थी और अक्टूबर, 2025 में कार्य शुरू हो गया। उस समय इसका कार्य अक्टूबर, 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, अब इसका संशोधित लक्ष्य नवंबर, 2027 है। इसकी लागत 1,507 करोड़ आंकी गई है। अब तक 46.66 करोड़ रुपए व्यय हो चुके हैं और 13.10 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

शंभूपुरा में बनने वाले कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट पर प्रस्तावित एप्रन। फोटो: पत्रिका

इस साल के अंत तक पूरा होगा उदयपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल का काम

इसी तरह उदयपुर एयरपोर्ट पर नया इंटीग्रेटेड पैसेंजर टर्मिनल भवन बनाने स्वीकृति जून, 2023 में मिली थी और नवंबर, 2023 में कार्य शुरू हुआ था। इसे उस समय मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा था। बाद में संशोधित लक्ष्य सितंबर 2026 तय किया गया है। इसकी लागत 887 करोड़ रुपए आंकी गई है और अब तक 538 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं और 72 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

महाराणा प्रताप एयरपोर्ट उदयपुर (पत्रिका फाइल फोटो)

देशभर में चल रही 27 परियोजनाएं

देशभर में 27 नागरिक उड्डयन एवं एयरपोर्ट अवसंरचना परियोजनाएं प्रगति पर हैं। इनकी लागत स्वीकृति के समय 21,601 करोड़ रुपए आंकी गई थी, जो बढ़कर 22,815 करोड़ रुपए हो गई हैं। इनमें राजस्थान की तीन परियोजनाएं शामिल हैं। इनमें से जाेधपुर में नवीन टर्मिनल की परियोजना पूरी हो गई है। यह कार्य जून 2022 में स्वीकृत हुआ था और इसके लिए 480 करोड़ रुपए स्वीकृत किए थे।

Published on:
03 Jul 2026 11:01 am