Rajasthan Assembly: सदन में विधायकगण की प्रत्येक सीट पर एक आई-पैड लगाया जा रहा है। एक लैपटोप मय प्रिन्टर विधायकगण को उनके आवास के लिए भी उपलब्ध कराया जाएगा।
जयपुर। राजस्थान विधानसभा का कलर अब बदलने वाला है। आने वाले दिनों में विधानसभा का रंग गुलाबी नजर आएगा। इसकी पूरी कवायद तेज हो गई है। गुलाबी नगरी की स्थित विधानसभा भवन गुलाबी कलर में किया जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि गुलाबी नगरी का राजस्थान विधानसभा का सदन अब गुलाबी जैसा दिखाई देगा। देवनानी ने सदन में चल रहे कार्य की प्रगति का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और ई-विधान से विधानसभा सदन व विधानसभा सचिवालय को डिजिटल किए जाने वाले कार्य को 31 दिसम्बर तक आवश्यक रूप से पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। देवनानी ने राजस्थान विधानसभा के डिजिटल कार्य का बुधवार को अवलोकन किया।
राजस्थान विधानसभा का आने वाला सत्र पेपर लैस होगा।
नये सत्र में राजस्थान विधानसभा का सदन नये रूप में दिखाई देगा। विधानसभा के सदन में सदस्यों की सीटों पर कम्प्यूटर उपकरण स्थापित करने और विधानसभा सदन को पेपर लैस किए जाने के लिए नेवा प्रोजेक्ट का कार्य अन्तिम चरण में है।
देवनानी ने बताया कि सदन में विधायकगण की प्रत्येक सीट पर एक आई-पैड लगाया जा रहा है। एक लैपटोप मय प्रिन्टर विधायकगण को उनके आवास के लिए भी उपलब्ध कराया जाएगा। इस परियोजना में 12.61 करोड़ रुपए की राशि व्यय होगी। इस राशि में 60 प्रतिशत केन्द्र सरकार एवं 40 प्रतिशत भागीदारी राज्य सरकार की होगी।
विधानसभा में नेवा सेवा केन्द्र (ई लर्निंग कम ई-फैसिलेशन सेन्टर) की स्थापना का स्थान निर्धारित कर दिया गया है। इसके तहत विधायकगण, अधिकारियों व कर्मचारियों को नेवा मॉडयूल्स का प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रशिक्षण सामग्री अंग्रेजी, हिन्दी और क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध कराई जाएगी। विधायकगण को ऑनलाईन कार्य करने के लिए सदन में भी मौके पर तकनीकी सहायता उपलब्ध होगी।
नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) से राजस्थान विधानसभा का सदन और सचिवालय डिजिटल हो रहा है। इससे विधान सभा सदन व सचिवालय की कार्यवाही पेपर लैस हो जायेगी। इस ई-विधान एप्लीकेशन से राज्य विधानसभा के सदस्यों और अधिकारियों को कार्य करने में आसानी होगी।
ई-विधान एप एन्ड्रोएड और आई.ओ.एस. दोनों तरह के मोबाइल पर चल सकेगा। यह ऐप ई-बुक और वेबसाइट पर भी उपलब्ध होगा। नेवा के तहत सदन की कार्यवाही विवरण, सदन में रखे जाने वाले पेपर्स, विधेयक से संबंधित जानकारी, समितियों की रिपोर्ट, प्रश्न और उनके जवाब, बुलेटिन, कार्यवाही विवरण, डिजिटल लाईब्रेरी, सूचनाएं और सदस्यों से संबंधित जानकारी एक ही एप्लीकेशन में उपलब्ध होगी।