सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिन्दू समाज को एकजुट करना और सांस्कृतिक जागरण को आगे बढ़ाना रहा।
जयपुर। नारायण विहार में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या मे श्रद्धालु और समाजबंधु शामिल हुए। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिन्दू समाज को एकजुट करना और सांस्कृतिक जागरण को आगे बढ़ाना रहा। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से आयोजन स्थल पर उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से हुई। यात्रा में करीब 1500 महिलाओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया। कलश यात्रा नारायण विहार क्षेत्र की असरपुरा, श्रृंगारपुरा और गणतपुरा कॉलोनियों सहित आसपास के क्षेत्रों से निकाली गई और सम्मेलन स्थल तक पहुंची। महिलाओं की सामूहिक भागीदारी ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल से भर दिया। रास्ते भर श्रद्धालु जयकारे लगाते रहे और जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
सम्मेलन में संतों का सान्निध्य भी रहा। श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर मनोहर दास महाराज ने अपने आशीर्वचन में धर्म, संस्कार और समाज में एकता का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि संस्कारों से ही परिवार मजबूत होता है और परिवार मजबूत होने से समाज आगे बढ़ता है। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं को अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर दिनेश मणिरत्नम, प्रांत व्यवस्था प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने समाज संगठन, सांस्कृतिक जागरण और राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता से ही देश मजबूत बनता है और हर व्यक्ति को अपने दायित्व समझने चाहिए।
सम्मेलन में सभी वर्गों और समाजों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं और उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार जताया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही, ताकि समाज में एकता और जागरूकता बनी रहे।