जयपुर

थाने पर खड़ी कार की सुरक्षा करने में भी नाकाम पुलिस, बैग चोरी का मुकदमा दर्ज कराने गए युवक की कार भी हो गई चोरी

पुलिस के नाक के नीचे से चोर कार को लेकर फरार हो गए और पुलिस हाथ मलने के अलावा कुछ न कर सकी।
2 min read
• •
Updated: 21 Dec 2017, 12:58 PM IST
Thief Stolen the car from Police Station Victim was come for bag stolen case

जयपुर। आमजन की सुरक्षा का दंभ भरने वाली कमिश्नरेट पुलिस थाने पर खड़ी कार की सुरक्षा करने में भी नाकाम साबित हुई है। पुलिस के नाक के नीचे से चोर कार को लेकर फरार हो गए और पुलिस हाथ मलने के अलावा कुछ न कर सकी। मामला देर रात मालवीय नगर थाने का है। कार मालिक थाने पर बैग चोरी होने का मामला दर्ज करवाने आया था । पुलिस ने मामला दर्ज कर कार की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले में केलगिरी रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पीडि़त सचिवालय में कार्यरत है।

ईस्ट जिले की बात करें तो वाहन चोरी के मामले में जवाहर सर्किल थाना नम्बर वन पर है। इसके बाद मालवीय नगर, प्रतापनगर, बजाजनगर व जवाहर नगर का नम्बर आता है। पुलिस के अनुसार रामनगर सोड़ाला निवासी अली हसन पवांर सचिवालय में तैनात है। बाजार से वह अपने घर जा रहा था इसी दौरान वह जेएलएन मार्ग पर एमएनआईटी के सामने कुछ समय के लिए रूका था। रात करीब 9 बजे वहां पर किसी ने उसकी कार का शीशा खोलकर सीट पर रखा बैग पार कर लिया। इसकी शिकायत दर्ज करवाने पर रात करीब पौने दस बजे थाने पर पहुंचा था। थाने पर तैनात ड्यूटी ऑफिसर बाबू लाल उसे लेकर घटना स्थल पर चला गया। वापस लौटने के बाद जब पीडि़त ने अपनी अल्टो कार संभाली तो वह नहीं मिली। इस पर पीडि़त ने थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।

जांच अधिकारी एसआई बाबू लाल ने बताया कि अल्टो कार की तलाश जारी है। रात को नाकाबंदी भी करवाई गई थी लेकिन कार का पता नहीं चल पाया है। चोरों की तलाश के लिए केलगिरी रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज आज दिन में खंगाली जाएगी। इसके बाद वाहन चोरों की पुरानी गैंग का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है जो कि मालवीय नगर इलाके में सक्रिय रहती थी। पीडि़त के बैग में चैकबुक, नकदी व अन्य दस्तावेज रखे थे।

Published on: