जयपुर

Free WiFi: राजस्थान का यह शहर बना पहला फ्री वाई-फाई जोन, मिलेगी 24 घंटे मुफ्त इंटरनेट सुविधा

Smart City Rajasthan: डिजिटल क्रांति की ओर केकड़ी का बड़ा कदम, 24 घंटे मुफ्त इंटरनेट सुविधा शुरू। स्मार्ट सिटी की राह पर केकड़ी, करोड़ों के विकास कार्यों के साथ बना मॉडल टाउन।

2 min read
Apr 10, 2026

Free WiFi India: जयपुर. राजस्थान के अजमेर जिले का केकड़ी शहर अब डिजिटल क्रांति की दिशा में एक नई पहचान बना चुका है। नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग के राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा ने शुक्रवार को केकड़ी नगर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इस दौरान केकड़ी को राजस्थान का पहला फ्री वाई-फाई जोन घोषित करते हुए शहरवासियों को 24 घंटे निःशुल्क इंटरनेट सुविधा की सौगात दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री खर्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार “विकसित राजस्थान” के संकल्प को साकार करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आज का समय डिजिटल युग का है और आने वाला दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का होगा। ऐसे में केकड़ी को फ्री वाई-फाई जोन बनाना एक दूरदर्शी निर्णय है, जो विद्यार्थियों, युवाओं, व्यापारियों और आमजन के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा।

ये भी पढ़ें

Narmada Canal Project: 728 किमी का सफर, नर्मदा का पानी पहुंचा सीमा के आखिरी गांव, बदली तकदीर

करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से विकसित इस परियोजना के तहत शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर वाई-फाई राउटर लगाए गए हैं। इस सुविधा के माध्यम से एक समय में लगभग 5 हजार से अधिक लोग इंटरनेट से जुड़ सकेंगे और उन्हें करीब 5 एमबीपीएस की निःशुल्क इंटरनेट सेवा मिलेगी। यह सुविधा हर मौसम में उपलब्ध रहेगी तथा अगले तीन वर्षों तक संबंधित कंपनी द्वारा इसका रखरखाव किया जाएगा।

मंत्री ने भरोसा दिलाया कि केकड़ी के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और इसे डिजिटल व आधारभूत सुविधाओं के मामले में एक मॉडल शहर के रूप में विकसित किया जाएगा। केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने भी इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह शहर को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जन आवास योजना के तहत कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इनमें अप्रोच रोड और सीसी सड़क निर्माण, अजमेर रोड पर श्रीराम स्वागत द्वार, वार्ड 38 में नाली और सड़क निर्माण, प्रस्तावित बस डिपो की चारदीवारी, बघेरा रोड स्थित कॉलोनी में सीसी सड़क निर्माण तथा कादेड़ा रोड से एफएसटीपी प्लांट तक अप्रोच रोड निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।

इस पहल के साथ केकड़ी अब राजस्थान में डिजिटल और बुनियादी विकास का नया मॉडल बनकर उभर रहा है, जिससे आने वाले समय में अन्य शहरों को भी प्रेरणा मिलेगी।

ये भी पढ़ें

Teacher Transfer: प्रिंसिपल व स्कूल व्याख्याता के बाद अब सैकण्ड ग्रेड टीचर के होंगे तबादले, शिक्षा मंत्री ने खुद किया खुलासा

Updated on:
10 Apr 2026 09:25 pm
Published on:
10 Apr 2026 09:22 pm
Also Read
View All