जयपुर

Rajasthan: राजस्थान में पेट्रोल-डीजल पंप पर बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा, 7 जिलों में ताबड़तोड़ एक्शन से मचा हड़कंप

Rajasthan Petrol Pump Fraud: राजस्थान में उपभोक्ता मामले विभाग की जांच में कई पेट्रोल पंपों पर कम ईंधन देने का बड़ा खुलासा हुआ है। सात जिलों में कार्रवाई करते हुए 43 गड़बड़ नोजल जब्त अथवा बंद किए गए हैं।

2 min read
May 17, 2026
पेट्रोल पंप पर जांच करती टीम। फोटो- पत्रिका

जयपुर। उपभोक्ता मामले विभाग की अचानक जांच कार्रवाई में प्रदेशभर के कई पेट्रोल पंपों पर आम उपभोक्ताओं के साथ हो रही बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। विभाग की ओर से सात जिलों में की गई सघन जांच के दौरान 25 पेट्रोल पंपों के कुल 43 गड़बड़ नोजल जब्त अथवा बंद किए गए। जांच में सामने आया कि कई पेट्रोल पंप हर 5 लीटर पर 30 से 60 एमएल तक कम ईंधन दे रहे थे। बड़ी मात्रा में बिक्री होने के कारण यह कमी हर महीने उपभोक्ताओं को लाखों रुपए का नुकसान पहुंचा रही थी।

ये भी पढ़ें

Rajasthan: ‘तेरी पूरी थानेदारी निकाल दूंगा…’ चालान से भड़के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ने सरेआम ASI को पीटा, वर्दी फाड़ी

सिरोही जिले में 7 पेट्रोल पंपों के 9 नोजल बंद

सिरोही जिले में 7 पेट्रोल पंपों के 9 नोजल बंद किए गए। रामपीर फिलिंग स्टेशन, पवन फिलिंग, करणी फ्यूल, देवनगरी पेट्रोलियम सर्विस, पार्वती दरिया फिलिंग स्टेशन, सुरेंद्र जितेंद्र ट्रेडर्स और भगवती फिलिंग स्टेशन पर 40 से 50 एमएल तक शॉर्ट डिलीवरी मिली। यहां प्रतिमाह 90 से 360 लीटर तक कम ईंधन दिया जा रहा था, जिससे करीब 1.14 लाख रुपए की अनुमानित हानि हो रही थी।

अलवर में भी कार्रवाई

अलवर जिले में सिंघल सर्विस स्टेशन और चौधरी सर्विस स्टेशन के 5 नोजल बंद किए गए। सिंघल सर्विस स्टेशन पर 30 से 60 एमएल तक कम डिलीवरी मिली, जहां प्रतिमाह 648 लीटर तक कम ईंधन दिया जा रहा था। जिले में कुल अनुमानित हानि 91 हजार रुपए से अधिक आंकी गई। नागौर जिले में 4 पेट्रोल पंपों के 11 नोजल जब्त किए गए।

नंदलाल राजेश कुमार कछवाहा फिलिंग स्टेशन, गुलाबदास आत्माराम, मारवाड़ फिलिंग स्टेशन और आरएल सिहाग पेट्रोलियम पर प्रतिमाह 54 से 378 लीटर तक कम ईंधन दिया जा रहा था। यहां करीब 97 हजार रुपए की आर्थिक हानि सामने आई। भीलवाड़ा जिले में 3 पेट्रोल पंपों के 4 नोजल बंद किए गए। दीपक पेट्रोलियम, शिव इंडियन ऑयल और श्री श्याम फिलिंग स्टेशन पर प्रतिमाह 34 से 90 लीटर तक कम पेट्रोल दिया जा रहा था।

216 लीटर तक शॉर्ट डिलीवरी सामने आई

सीकर जिले के सीएसआरबी फिलिंग स्टेशन नायरा के 4 नोजल बंद किए गए, जहां प्रतिमाह 216 लीटर तक शॉर्ट डिलीवरी सामने आई। पाली जिले में मा आई जी फिलिंग, पूजा एचपी पेट्रोलियम, पार्श्व एनर्जी और कछवा बस सर्विसेज के 5 नोजल बंद किए गए। यहां प्रतिमाह 45 से 180 लीटर तक कम ईंधन दिया जा रहा था, जिससे उपभोक्ताओं को 55 हजार रुपए से अधिक की अनुमानित हानि हो रही थी। विभागीय आकलन के अनुसार चिन्हित मामलों में ही उपभोक्ताओं से हर महीने करीब 4 लाख रुपए तक की अतिरिक्त वसूली की जा रही थी।

मंत्री सुमित गोदारा की चेतावनी

उपभोक्ता मामले के मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि विभाग उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह सजग है और ऐसी अचानक निरीक्षण कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि विभाग की सक्रिय कार्रवाई से आम उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिल रहा है तथा पेट्रोल पंप संचालकों में नियमों के पालन को लेकर जवाबदेही बढ़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ये भी पढ़ें

Baran Overbridge: बारां से झालावाड़ का सफर होगा आसान, जल्द मिलेगी सौगात, अंतिम चरण में पहुंचा ROB प्रोजेक्ट
Also Read
View All