जयपुर

Pre-Monsoon Update : मौसम विज्ञानियों की भविष्यवाणी, 28 मई के बाद राजस्थान के इन जिलों में प्री-मानसून बारिश!

Pre-Monsoon Update : मौसम विज्ञानियों के अनुसार मेवाड़ और आस-पास के क्षेत्रों में 28 मई के बाद प्री-मानसून बारिश की संभावना है, जिससे उदयपुर सहित राजस्थान की जनता को गर्मी से राहत मिल सकती है।
2 min read
Udaipur Meteorologists Predictions Pre-monsoon rains likely in Mewar after 28 May
भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी उपग्रह चित्र व बारिश में भीगते लोग। फोटो पत्रिका

Pre-Monsoon Update : उदयपुर में भीषण गर्मी ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बदल दी है। रविवार को अवकाश होने के बावजूद अधिकांश लोग घरों में ही रहे। दोपहर के समय शहर की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी कम नजर आई। न्यूनतम तापमान बढ़ने से रातों में भी गर्मी का असर तेज हो गया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार मेवाड़ और आस-पास के क्षेत्रों में 28 मई के बाद प्री-मानसून बारिश की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है।

डबोक स्थित मौसम कार्यालय के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले एक सप्ताह से तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है, जिससे लोग परेशान हैं। रविवार को शहर में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन इससे राहत नहीं मिली। बढ़ते न्यूनतम तापमान के कारण रात में भी गर्मी का अहसास बना हुआ है।

दक्षिण-पूर्वी मानसून ने बंगाल की खाड़ी में किया प्रवेश

भारतीय मानसून की दक्षिण-पूर्वी शाखा अंडमान सागर के रास्ते अंडमान-निकोबार के सभी प्रमुख 572 द्वीपों पर बरसते हुए बंगाल की खाड़ी में प्रवेश कर चुकी है। मेवाड़-वागड़ और आसपास के क्षेत्रों में बंगाल की खाड़ी से उठने वाले मानसून की प्री-बारिश 28 मई के बाद होने की संभावना है, जिसके बाद ही गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

भारतीय मानसून के लिए सकारात्मक संकेत

भारतीय मौसम विभाग ने रविवार तड़के 4.30 और दोपहर 3.30 बजे जारी उपग्रह चित्रों में मानसूनी बादलों का अंडमान सागर से बंगाल की खाड़ी में प्रवेश स्पष्ट रूप से देखा है। यह मानसूनी शाखा अपने निर्धारित समय से तीन दिन पहले दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में पहुंची है, जो भारतीय मानसून के लिए सकारात्मक संकेत है।
प्रो. नरपत सिंह राठौड़, मौसमविद्

पिछले दिनों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

तारीख - अधिकतम - न्यूनतम
12-05-2026 : 43.1 : 25.6
13-05-2026 : 42.4 : 26.0
14-05-2026 : 42.1 : 25.5
15-05-2026 : 41.1 : 25.5
16-05-2026 : 40.0 : 24.0
17-05-2026 : 42.0 : 27.2।

मौसम विभाग का 18-19 मई को 19 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट

राजस्थान में दिन के साथ रात भी तपने लगी है। इस सप्ताह राजस्थान के पश्चिमी के साथ उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में भी गर्मी तेज होगी। मौसम विभाग ने 18 मई और 19 मई को 19 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। इन शहरों का अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने की संभावना है। उधर, रविवार को बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर में दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इन शहरों के साथ फलोदी, चित्तौड़गढ़ में भी तेज गर्मी रही। हनुमानगढ़ में रात भी गर्म होने लगी है।

Updated on:
18 May 2026 11:08 am
Published on:
18 May 2026 07:57 am